सियासी हलचल: जेल में आजम से मिले अखिलेश यादव

रामपुर (एजेंसी)।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की रामपुर जेल में पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां से मुलाकात शुरू हो गई है। अखिलेश यादव आजम खां से मिलने के लिए जेल पहुंचे हैं। दोनों नेताओं की इस मुलाकात पर राजनीतिक हलकों की नजरें टिकी हैं। जेल के बाद वह उनके आवास पर भी जाएंगे। इससे पहले अखिलेश यादव आठ अक्तूबर 2025 को आजम खां से रामपुर स्थित उनके घर पर मिले थे। इस मुलाकात के जरिये सपा मुखिया यह संदेश देने का प्रयास भी करेंगे कि वह और पार्टी पूरी तरह आजम खां के साथ है।
जेल में मुलाकात के बाद अखिलेश ने कहा कि आजम खान से उनकी बातचीत अच्छी हुई। उन्होंने कहा, "वो स्वस्थ हैं। हमारी बातचीत अच्छी हुई और मैं उम्मीद करता हूं कि और स्वस्थ रहें और जल्दी उनको न्याय मिले।" अखिलेश ने बताया कि आजम खान ने उन्हें जो सुझाव दिए हैं, उन्होंने उन सभी सुझावों को अपने पास रख लिया है।
दरअसल सपा और पश्चिमी यूपी की सियासत का अहम किरदार माने जाने वाले आजम खां के खिलाफ मुकदमों की बाढ़ आने की शुरुआत से लेकर अब तक विपक्षियों के बीच से दोनों के बीच दूरी जैसे आरोप लगते रहे हैं। कुछ समय पहले एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन औवेसी ने भी आजम खां के मामले में सपा और अखिलेश यादव की भूमिका पर सवाल उठाए थे। साथ ही वह अक्सर यूपी की जनसभाओं में मुस्लिमों से सही कयादत (नेतृत्व) अपनाने का आह्वान भी करते हैं। औवेसी की तरह अन्य गैर सपाई नेताओं के बीच से भी आजम खां के मुसीबत के समय में सपा के खुलकर मैदान में न आने जैसे बयान या कटाक्ष आते रहे हैं।

इन स्थितियों के बीच बृहस्पतिवार को रामपुर जेल में जाकर आजम खां से मुलाकात के जरिये अखिलेश यादव विपक्षियों के ऐसे हमलों का जवाब दिया। साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुस्लिमों को यह संदेश भी दे गए कि वह और पूरी पार्टी आज भी आजम खां के साथ मजबूती से खड़ी है। इस मुलाकात में रामपुर की सियासत पर भी चर्चा तय मानी जा रही है। रामपुर के सांसद मोहिबुल्ला नदवी और आजम परिवार के बीच की दूरी से जिले के सपाई सीधे तौर पर दो खेमों में बंटे नजर आते हैं। विधानसभा चुनाव से पहले सभी सपाइयों को एक छतरी के नीचे लाना भी सपा मुखिया की प्राथमिकता होगी। रामपुर के सपाइयों से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासत तक इस मुलाकात का कितना प्रभावी असर पड़ा, यह जानने के लिए आने वाले समय का इंतजार करना होगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts