एसआईआर के विरोध में आप का प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका
मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग, अंकुश चौधरी बोले- मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी की हो निष्पक्ष जांच; प्रदर्शन के दौरान पुलिस से नोकझोंक
मेरठ। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को मेरठ में प्रदर्शन किया। मवाना रोड स्थित तलवार पेट्रोल पंप के सामने जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका और इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन से पहले ही AAP के प्रदेश प्रवक्ता एवं जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी को गंगानगर पुलिस ने उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया था। पार्टी के अनुसार, इसकी जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उनके आवास पर पहुंचे। बाद में अंकुश चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मवाना रोड पर प्रदर्शन किया।
पुलिस से हुई नोकझोंक
पुतला दहन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। कार्यकर्ताओं ने SIR की प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई।
अंकुश चौधरी ने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर मतदाता सूची में गड़बड़ी की जा रही है और मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार से जोड़कर देख रही है।
आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
AAP जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी किसी औपचारिक जवाब या खानापूर्ति से संतुष्ट नहीं होगी। उन्होंने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। पार्टी ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन में मनोज शर्मा, हेम कुमार, फुरकान त्यागी, सचिन वाल्मीकि, नीलम शर्मा, सुबोध धामा, संजय जोशी, रंजना तिवारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment