ठाणे में 29 सितंबर को हुई थी वारदात, चुनावी रंजिश में गोली मारने के बाद चॉपर से गर्दन पर किया था हमला; दोनों वाराणसी के रहने वाले

प्रयागराज। महाराष्ट्र के ठाणे में शिवसेना (यूबीटी) के नेता और पूर्व विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी वारदात के बाद महाराष्ट्र से भागकर प्रयागराज में छिपे हुए थे। टीम ने शुक्रवार रात करीब 7:30 बजे नैनी के अरैल सेल्फी प्वाइंट के पास से उन्हें दबोच लिया। आरोपियों की पहचान वाराणसी के चोलापुर क्षेत्र निवासी संतोष कनौजिया और अमित सिंह के रूप में हुई है।

एसटीएफ के मुताबिक, ठाणे जिले के कापुरबावड़ी थाने में दर्ज हत्या के मुकदमे में दोनों वांछित थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए महाराष्ट्र पुलिस ने यूपी एसटीएफ से सहयोग मांगा था। इसके बाद एसटीएफ की प्रयागराज इकाई ने तलाश शुरू की। एसीपी शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और प्रभारी जय प्रकाश राय के नेतृत्व में गठित टीम ने महाराष्ट्र पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की।

चुनावी रंजिश में हत्या का आरोप

पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को ठाणे के चितलसर-मानपाड़ा क्षेत्र में प्रदीप पूर्णेकर की हत्या की गई थी। आरोप है कि ब्लॉक प्रमुख/कॉरपोरेटर के चुनाव को लेकर पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। हमलावरों ने पहले गोली चलाई और फिर धारदार हथियार चॉपर से गर्दन पर वार किया।

बताया गया कि हेलमेट और मास्क पहने बाइक सवार बदमाश नेता के कार्यालय पहुंचे थे। वहां फायरिंग और धारदार हथियार से हमले में पूर्णेकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें कापुरबावड़ी स्थित इन्फिनिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

तीन आरोपी पहले हो चुके हैं गिरफ्तार

एसटीएफ के मुताबिक, इस मामले में तीन अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि संतोष कनौजिया और अमित सिंह फरार थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों प्रयागराज आ गए थे। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने उन्हें पकड़ लिया। एसटीएफ ने यह भी बताया कि संतोष कनौजिया के खिलाफ पहले से दो एफआईआर दर्ज हैं।

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को नैनी थाने में दाखिल कराया गया। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस ने उन्हें मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम), प्रयागराज की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया शुरू की, ताकि उन्हें महाराष्ट्र ले जाकर मामले में आगे की कार्रवाई की जा सके।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts