दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर मौत बनकर दौड़ी कार, तीन श्रद्धालुओं की मौत, चार घायल
बलरामपुर के बेलहा गांव में देर रात हादसा, पर्दे पर वीडियो देख रहे लोगों को कार ने रौंदा; चालक हिरासत में, मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की सहायता
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में शनिवार देर रात दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क किनारे पर्दे पर वीडियो देख रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और घेराबंदी कर कार चालक को हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह के अनुसार, हादसा कोतवाली देहात क्षेत्र के चरंगहिया बेलहा गांव में हुआ। श्रद्धालु दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर पर्दे पर वीडियो देख रहे थे। इसी दौरान सिद्धार्थनगर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने वहां मौजूद लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।
तीन की मौत, दो घायलों को बहराइच रेफर किया
पुलिस घायलों को जिला मेमोरियल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मनोज सिंह (40), गणेश (35) और पतेश्वरी (50) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल छेदी राम (45) और डब्लू (35) की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बहराइच के अस्पताल में रेफर किया गया। अन्य घायलों का भी इलाज चल रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घेराबंदी कर चालक को पकड़ा
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर इलाके की घेराबंदी की और उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सीएम योगी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं।


No comments:
Post a Comment