हांगकांग के जिम में मिले दिल, अब मेरठ में बजेगी शहनाई; फिलीपींस की क्यूरिटा बनेंगी अंशुल की दुल्हन
दो साल पहले शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली, कैथे पैसिफिक एयरलाइन में चीफ सिमुलेटर इंजीनियर हैं शास्त्रीनगर के अंशुल; सोमवार को होगी शादी
मेरठ। सरहदें अलग थीं, संस्कृति अलग थी और देश भी अलग, लेकिन दिल मिले तो दूरियां मिटती चली गईं। मेरठ के शास्त्रीनगर निवासी अंशुल और फिलीपींस की क्यूरिटा की प्रेम कहानी कुछ ऐसी ही है। करीब दो साल पहले हांगकांग के एक जिम में हुई मुलाकात दोस्ती में बदली और फिर दोनों एक-दूसरे के जीवनसाथी बनने का फैसला कर बैठे। अब इस अंतरराष्ट्रीय प्रेम कहानी का नया अध्याय मेरठ में लिखा जा रहा है। रविवार को दोनों की सगाई हुई, जबकि सोमवार को बाईपास स्थित होटल में शादी होगी।
अंशुल के पिता नवीन पटेल शास्त्रीनगर में रहते हैं और ईव्ज चौराहे पर सूर्या इलेक्ट्रॉनिक्स के नाम से उनका कार्यालय है। वह मेडिकल मशीनों की मरम्मत का काम करते हैं। अंशुल ने हैदराबाद से एयरलाइन सिमुलेटर इंजीनियरिंग का कोर्स किया। इसके बाद करीब तीन साल पहले हांगकांग की कैथे पैसिफिक एयरलाइन में चीफ सिमुलेटर इंजीनियर के पद पर काम करने लगे।
जिम में मुलाकात, फिर प्यार का इजहार
अंशुल को जिम जाने का शौक है। हांगकांग में जिम के दौरान उनकी मुलाकात फिलीपींस की क्यूरिटा से हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोस्ती गहरी होती चली गई। समय के साथ दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया। अंशुल ने अपने पिता नवीन पटेल को इस रिश्ते के बारे में बताया तो उन्होंने भी शादी के लिए सहमति दे दी।
क्यूरिटा हांगकांग की एचएम नामक कंपनी में बिजनेस मैनेजर हैं। अलग-अलग देशों और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से होने के बावजूद दोनों ने अपने रिश्ते को विवाह तक पहुंचाने का फैसला किया।
पिता की जगह मामा करेंगे कन्यादान
नवीन पटेल ने बताया कि क्यूरिटा के पिता नहीं हैं और उनकी मां की तबीयत भी खराब रहती है। ऐसे में क्यूरिटा के साथ उनकी दो बहनें और एक सहेली मेरठ आई हैं। शादी में क्यूरिटा का कन्यादान नवीन पटेल के साले पिता की भूमिका निभाते हुए करेंगे।
होटल में ठहरेंगे करीब 50 मेहमान
शादी समारोह के लिए मेरठ बाईपास स्थित सफायर ग्रांड होटल में करीब 50 कमरे बुक किए गए हैं। दोनों परिवारों के लगभग 50 मेहमान समारोह में शामिल होंगे। रविवार को सगाई के बाद अब सोमवार को विवाह की रस्में पूरी होंगी। हांगकांग के जिम से शुरू हुई दोस्ती अब मेरठ में सात फेरों के साथ नए रिश्ते में बदल जाएगी।


No comments:
Post a Comment