आईआईटी रुड़की के राष्ट्रीय मंच पर मेरठ के बाल वैज्ञानिकों का धमाल
1100 नवाचारों में शास्त्री नगर के विद्यालय के तीन प्रोजेक्ट बाजी मारकर फाइनल में पहुंचे, रक्षा, अंतरिक्ष और स्वदेशी तकनीक में दिखाएंगे प्रतिभा
मेरठ। शास्त्री नगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर मेरठ का नाम रोशन किया है। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान और आईआईटी रुड़की के संयुक्त तत्वावधान में दिसंबर में होने वाले ‘विद्या भारती टेकाथॉन 3.0’ के अंतिम चरण के लिए विद्यालय के तीन नवाचारी प्रोजेक्ट चयनित हुए हैं।
देशभर के 74 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने पांच थीम पर करीब 1100 प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए थे। विशेषज्ञों और आईआईटी रुड़की के वैज्ञानिकों के मूल्यांकन, प्रस्तुतीकरण और मॉडल परीक्षण के बाद इनमें से केवल 100 प्रोजेक्ट फाइनल के लिए चुने गए। इनमें तीन प्रोजेक्ट अकेले बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर के हैं।
रक्षा से अंतरिक्ष तक दिखेगी प्रतिभा
रक्षा क्षेत्र में नवाचार थीम में कक्षा 10 के रमन लूथरा का प्रोजेक्ट चयनित हुआ है। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में सैनिकों की सुरक्षा और निगरानी में सहायक स्वदेशी, कम लागत वाली सेंसर आधारित तकनीक का मॉडल तैयार किया है।
अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में नवाचार थीम में कक्षा 11 के अभय और पुष्कर का प्रोजेक्ट चुना गया है। उनका मॉडल भविष्य में सैटेलाइट तकनीक और अंतरिक्ष कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में उपयोगी होने की संभावनाओं पर आधारित है।
वहीं ‘स्वदेशी मंत्र द्वारा समाज के लिए सतत समाधान’ थीम में कक्षा सात की विधि सिंह और परी ने स्थान बनाया है। दोनों ने स्वदेशी और पर्यावरण-अनुकूल सामग्री के जरिए सामाजिक समस्या का सतत समाधान प्रस्तुत किया है। उनका प्रोजेक्ट ‘वेस्ट टू वेल्थ’ और आत्मनिर्भरता की अवधारणा पर केंद्रित है।
दिसंबर में राष्ट्रीय मंच पर होगा प्रदर्शन
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि कक्षा सात से 11 तक के विद्यार्थियों का राष्ट्रीय मंच के लिए चयन विद्यालय में नवाचार, वैज्ञानिक सोच और अनुसंधान को दिए जा रहे महत्व को दर्शाता है। उन्होंने विद्यार्थियों की मार्गदर्शक विज्ञान आचार्या रुद्रानी शर्मा के परिश्रम और मार्गदर्शन की भी सराहना की।
दिसंबर में आईआईटी रुड़की में प्रस्तावित तीन दिवसीय टेकाथॉन में देशभर से चयनित 100 टीमें अपने मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत करेंगी। इस दौरान राष्ट्रीय स्तर के वैज्ञानिकों के साथ इसरो और डीआरडीओ से जुड़े विशेषज्ञों के समक्ष भी विद्यार्थियों को अपने नवाचार प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारियों मनमोहन गुप्ता, डॉ. विनोद कुमार अग्रवाल, डॉ. सुधांशु अग्रवाल, सीए डॉ. आशीष अग्रवाल, पुनीत रस्तोगी और कृष्ण कुमार शर्मा समेत विद्यालय परिवार ने सभी बाल वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं दीं।



No comments:
Post a Comment