थप्पड़ कांड’ पर दिल्ली हाईकोर्ट सख्त, मंत्री प्रवेश वर्मा और पुलिस को नोटिस
AAP कार्यकर्ता की याचिका पर जस्टिस सचिन दत्ता ने मांगी स्टेटस रिपोर्ट; याचिकाकर्ता ने पुलिस सुरक्षा और स्वतंत्र जांच की मांग की, अगली सुनवाई नवंबर में
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के मंत्री और उपमुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा पर थप्पड़ मारने के आरोप से जुड़े मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने गुरुवार को सख्ती दिखाई। हाईकोर्ट ने आम आदमी पार्टी (AAP) कार्यकर्ता साहिब सिंह की याचिका पर प्रवेश वर्मा और दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर स्टेटस रिपोर्ट तलब की है। मामले की सुनवाई जस्टिस सचिन दत्ता की पीठ ने की।
साहिब सिंह ने याचिका में आरोप लगाया है कि 27 सितंबर को पश्चिमी दिल्ली में आउटर रिंग रोड पर सड़क निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें थप्पड़ मारा गया। याचिकाकर्ता के मुताबिक, वह तिलक नगर के विधायक जरनैल सिंह के साथ सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण कर रहे थे।
मोबाइल छीनने और रिकॉर्डिंग मिटाने का आरोप
याचिका में साहिब सिंह ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान उनके मोबाइल फोन को भी कथित तौर पर छीन लिया गया और क्षतिग्रस्त कर दिया गया। उनके अनुसार, मोबाइल में घटना की रिकॉर्डिंग मौजूद थी। उन्होंने मामले में सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने की मांग भी की है।
याचिकाकर्ता ने अपने और परिवार के लिए पुलिस सुरक्षा देने तथा मामले की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। उन्होंने जांच के लिए स्वतंत्र समिति गठित करने की मांग भी की है।
पुलिस कार्रवाई पर भी उठाए सवाल
साहिब सिंह का आरोप है कि उन्होंने विकासपुरी थाने में शिकायत दी थी, लेकिन शिकायत में उनके द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को शामिल नहीं किया गया। दूसरी ओर, मामले में प्रतिवादी पक्ष की ओर से याचिका की सुनवाई योग्य होने पर सवाल उठाए गए हैं। हाईकोर्ट ने फिलहाल पुलिस से मामले की स्थिति रिपोर्ट मांगी है।
हाईकोर्ट में अब मामले की अगली सुनवाई नवंबर में होगी।


No comments:
Post a Comment