आवास विकास परिषद के संपत्ति मेले में आवंटियों को मिला त्वरित समाधान
नामांतरण पत्र, विक्रय विलेख और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को सौंपे गए जरूरी दस्तावेज
मेरठ। उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद की ओर से शनिवार को मेरठ स्थित संपत्ति प्रबंध कार्यालय में संपत्ति मेले का आयोजन किया गया। आवास आयुक्त के आदेशानुसार आयोजित मेले की अध्यक्षता उप आवास आयुक्त मेरठ जोन अनिल कुमार सिंह ने की। मेले में करीब 10 से 15 आवंटियों और आगंतुकों ने पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराया और विभिन्न योजनाओं का लाभ लिया।
संपत्ति मेले में आवंटियों के कार्य प्राथमिकता के आधार पर निपटाए गए। शास्त्रीनगर योजना संख्या-7 के दो आवंटियों को नामांतरण पत्र सौंपे गए। वहीं, जागृति विहार विस्तार योजना संख्या-11 में प्रधानमंत्री आवास योजना के छह लाभार्थियों को किराया-किश्त क्रय किरायेदारी अनुबंध दिए गए। इसके अलावा छह फ्लैटों के आवंटियों को कब्जा प्राप्त करने के लिए संबंधित खंड कार्यालय से संपर्क करने के संबंध में पत्र जारी किए गए।
शास्त्रीनगर योजना संख्या-7 में भवन संख्या 143/6 के आवंटी को विक्रय विलेख भी सौंपा गया। इसके साथ ही कार्यालय में स्थापित एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) हेल्प डेस्क के माध्यम से बकायेदार आवंटियों को योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
15 दिसंबर तक बढ़ाई गई ओटीएस योजना की अवधि
उप आवास आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शासन और परिषद की ओर से संचालित एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस-2026) की समय सीमा बढ़ाकर 15 दिसंबर 2026 कर दी गई है। उन्होंने डिफॉल्टर आवंटियों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि के भीतर योजना का लाभ उठाकर अपने बकाया मामलों का निस्तारण कराएं।
संपत्ति प्रबंधक सुनील कुमार शर्मा ने आवंटियों और आगंतुकों को परिषद की एफसीएफएस (पहले आओ, पहले पाओ) योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जागृति विहार विस्तार योजना संख्या-11 में एफ-32, एफ-57 और एफ-64 नंबर के फ्लैट उपलब्ध हैं। इच्छुक आवंटी इन फ्लैटों के संबंध में कार्यालय से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
मेले में संपत्ति प्रबंधक सुनील कुमार शर्मा, वरिष्ठ सहायक दीपांशु बंसल, कनिष्ठ सहायक प्रदीप कुमार सहित कार्यालय के अन्य कर्मचारियों ने सहयोग किया। अपने कार्यों का तत्काल और सुगमता से निस्तारण होने पर आवंटियों ने परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया।


No comments:
Post a Comment