चीनी के दाम घटाने के लिए डीएम सख्त, मिलों को सीधे डीलरों को बिक्री के निर्देश

एजेंट-ब्रोकर प्रथा खत्म करने और कृत्रिम किल्लत पैदा करने पर कार्रवाई की चेतावनी

मेरठ। चीनी के फुटकर मूल्यों पर नियंत्रण के लिए जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में चीनी मिलों के अध्यासी और यूनिट हेड के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन की गाइडलाइन के अनुसार चीनी मिलें पोर्टल पर पंजीकृत थोक विक्रेताओं को सीधे चीनी उपलब्ध कराएं। मेरठ सहित प्रदेश के अन्य जिलों को प्राथमिकता के आधार पर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने कहा कि चीनी की कृत्रिम किल्लत पैदा करना और मनमानी करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एजेंट और ब्रोकर की व्यवस्था समाप्त कर पंजीकृत थोक विक्रेताओं को सीधे बिक्री की जाए। कार्यप्रणाली में सुधार नहीं होने पर संबंधित मिल अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गन्ना विभाग को भी सुधार न होने की स्थिति में संबंधित चीनी मिलों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

डीलरों को पोर्टल पर पंजीकरण कराने के निर्देश

चीनी डीलरों से पोर्टल पर पंजीकरण कराकर सीधे मिलों से खरीद करने को कहा गया। पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद चीनी नहीं मिलने पर विभाग या जिलाधिकारी कार्यालय को सूचना देने के निर्देश दिए गए। डीएम ने चीनी मिलों को कोल्हू संचालकों को चीनी नहीं बेचने और दाम घटाने के लिए आगे आने को कहा।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी भूमि अध्याप्ति, नगर मजिस्ट्रेट, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जीएसटी विभाग के अधिकारी, गन्ना निरीक्षक, सहायक चीनी आयुक्त, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक तथा चीनी मिलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts