अंतरराष्ट्रीय एथलीट कुलदीप अहलावत को भारत सरकार ने वीरता पुरस्कार से किया सम्मानित
मेरठ। मेरठ के अंतरराष्ट्रीय एथलीट एवं उत्तर प्रदेश पुलिस में डीएसपी के पद पर कुलदीप अहलावत को भारत सरकार की ओर से वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। खेल जगत में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं।
कुलदीप अहलावत ने वर्ष 2002 में बुसान एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इसी वर्ष श्रीलंका में आयोजित एशिया चैंपियनशिप में भी उन्होंने देश के लिए पदक हासिल किया। वर्ष 2003 में बेल्जियम में आयोजित वर्ल्ड क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश का नाम रोशन किया। इसी वर्ष फिलीपींस में आयोजित एशिया चैंपियनशिप में भी उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 2005 में इंचिओन में आयोजित एशिया चैंपियनशिप में भी उन्होंने देश का प्रतिनिधित्व किया।
कुलदीप अहलावत वर्ष 2000 से 2006 तक 5000 और 1500 मीटर वर्ग में लगातार राष्ट्रीय चैंपियन रहे। वर्ष 2000 में लुधियाना में आयोजित राष्ट्रीय खेलों में उन्होंने 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता। इसी वर्ष ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में 5000 मीटर में स्वर्ण पदक हासिल किया। खेल के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान और उपलब्धियों के साथ पुलिस सेवा में उनकी भूमिका को देखते हुए उन्हें वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया जाना मेरठ के लिए गौरव का विषय है।


No comments:
Post a Comment