डेंगू-मलेरिया से बचाव को निकली जागरूकता रैली, डीएम ने दिखाई हरी झंडी
मेरठ। जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम और आमजन को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया गया। कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम से निकली विशाल जनजागरूकता रैली को जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
रैली का संचालन जिला मलेरिया अधिकारी ने किया। उन्होंने संचारी रोगों से बचाव के उपायों, अभियान की रूपरेखा और जनसहभागिता के महत्व की जानकारी दी। रैली कैलाश प्रकाश स्टेडियम से साकेत पेट्रोल पंप मार्ग होते हुए सीएमओ कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान लोगों को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और जलजनित बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया तथा स्वास्थ्य सावधानियों से संबंधित पम्फलेट वितरित किए गए।
रैली में नगर निगम के फॉगिंग वाहन और आधुनिक सफाई वाहन भी शामिल रहे। इनके माध्यम से स्वच्छता बनाए रखने और मच्छरजनित रोगों की रोकथाम का संदेश दिया गया। रैली के दौरान यातायात पुलिस ने भी मार्ग पर यातायात व्यवस्था संभाली।
अभियान में स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ एनएएस इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सीएमओ कार्यालय पर रैली के समापन के दौरान अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
अधिकारियों ने जनपदवासियों से अपील की कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, पूरी बांह के कपड़े पहनें तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के माध्यम से ही संचारी रोगों की प्रभावी रोकथाम संभव है।


No comments:
Post a Comment