साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को वापस मिले 68 हजार रुपये

गंगानगर पुलिस की साइबर टीम ने बैंक से समन्वय कर कराई धनराशि की वापसी, पीड़ित के खाते से उड़ाए गए थे 45.44 लाख रुपये

मेरठ, लोकसत्य। साइबर धोखाधड़ी के एक मामले में थाना गंगानगर की साइबर टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए पीड़ित के बैंक खाते में 68 हजार रुपये वापस कराए हैं। पीड़ित के खाते से जुलाई 2024 में 45.44 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए गए थे। रकम वापस मिलने पर पीड़ित और उसके परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।

पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2024 को गंगानगर क्षेत्र निवासी विराज पंवार के साथ अज्ञात व्यक्ति ने साइबर धोखाधड़ी की थी। इस दौरान उनके बैंक खाते से कुल 45 लाख 44 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए गए थे। पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में थाना गंगानगर पर मुकदमा संख्या 59/2024 दर्ज किया गया था।

बैंक से समन्वय कर वापस कराई रकम

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश और पुलिस अधीक्षक अपराध एवं पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में साइबर अपराध से पीड़ितों की धनराशि वापस कराने के लिए कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी सदर देहात और थाना प्रभारी के पर्यवेक्षण में गंगानगर थाने की साइबर टीम ने संबंधित बैंक से पत्राचार और समन्वय किया। इसके साथ ही मुख्यालय द्वारा संचालित एमआरएम (MRM) पोर्टल के माध्यम से लेनदेन की जांच की गई। कार्रवाई के बाद पोर्टल पर प्रदर्शित 68 हजार रुपये पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दिए गए।

इन पुलिसकर्मियों ने की कार्रवाई

धनराशि वापस कराने वाली टीम में उपनिरीक्षक शुभम चौधरी, प्रभारी साइबर हेल्प डेस्क, थाना गंगानगर और महिला कांस्टेबल स्वाति रानी शामिल रहीं। पुलिस ने साइबर अपराध के मामलों में समय पर शिकायत दर्ज कराने और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 का उपयोग करने की अपील की है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts