फैक्ट्री में गार्डों को बंधक बनाकर डकैती करने का आरोपी गिरफ्तार, 50 हजार का था इनाम

लोहियानगर पुलिस और स्वाट टीम नगर की संयुक्त कार्रवाई, तमंचा, तीन कारतूस और बाइक बरामद

मेरठ, लोकसत्य। मेरठ के लोहियानगर क्षेत्र में फैक्ट्रियों के सुरक्षा गार्डों को बंधक बनाकर फ्रीजर की प्लेटें लूटने के दो मामलों में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लोहियानगर पुलिस और स्वाट टीम नगर की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए आरोपी की पहचान गाजियाबाद के कैला भट्टा स्थित इस्लामनगर निवासी मुर्सलीन पुत्र महफूज (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 4/5 सितंबर 2026 की रात लोहियानगर क्षेत्र के ग्राम अल्लीपुर स्थित बंद पड़ी अलफईम मीट फैक्ट्री में बदमाशों ने तीन सुरक्षा गार्डों को बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी फ्रीजर के दो प्लेट सेट से कुल 30 प्लेटें लूटकर ले गए थे। इस मामले में थाना लोहियानगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। इससे पहले 15/16 अगस्त की रात भी क्षेत्र की एक फैक्ट्री में दो सुरक्षा गार्डों को बंधक बनाकर दो प्लेट फ्रीजरों की 32 प्लेटें खोलकर लूट ली गई थीं। दोनों मामलों में विवेचना के दौरान डकैती सहित अन्य धाराएं बढ़ाई गई थीं।

कई आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल

पुलिस के मुताबिक, दोनों घटनाओं में शामिल कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें दानिश उर्फ चाचा, शहजाद उर्फ भूरा, रियाजुद्दीन उर्फ रियाजू, सलीम पहलवान, अजय, कलीम, आस मोहम्मद, अरशद, खालिद, चेतन चौधरी, चांद, कय्यूम, दानिश, मौनिस और अली उर्फ इकबाल शामिल हैं। वहीं, आरोपी नादिर पुत्र जान मोहम्मद ने एक अक्टूबर को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। मुर्सलीन लगातार वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

खण्डहर के पास घेराबंदी कर पकड़ा

पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर लोहियानगर पुलिस और स्वाट टीम नगर ने मेडिकल-कमालपुर रोड से जलालपुर जाने वाले रास्ते पर स्थित एक खण्डहर भवन के पास घेराबंदी की। इसी दौरान मुर्सलीन को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान उसकी मोटरसाइकिल फिसलने से पैर में चोट आ गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान हुई कार्रवाई और अवैध शस्त्र बरामदगी के संबंध में थाना लोहियानगर में एक अन्य मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

आरोपी पर पहले भी दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, मुर्सलीन के खिलाफ गाजियाबाद के सिहानी गेट और इंदिरापुरम थानों के अलावा मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाने में भी मुकदमे दर्ज हैं। मेरठ के लोहियानगर थाने में फैक्ट्री डकैती के दोनों मामले भी उसके आपराधिक इतिहास में शामिल हैं।

कार्रवाई करने वाली टीम में लोहियानगर थानाध्यक्ष सुमित तोमर, स्वाट टीम नगर प्रभारी उपनिरीक्षक मनीष शर्मा, उपनिरीक्षक महाराज सिंह, हेड कांस्टेबल पिंटू कुमार, रविंद्र सिंह और कांस्टेबल प्रदीप कुमार शामिल रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts