48 केंद्रों पर PET शुरू, जूते उतरवाकर और जेबें चेक करने के बाद मिला प्रवेश
22 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल, आईडी जांच के बाद बायोमेट्रिक सत्यापन; सीसीटीवी से रखी जा रही नजर
मेरठ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी), लखनऊ की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 रविवार को मेरठ के 48 केंद्रों पर शुरू हो गई। परीक्षा में करीब 22 हजार अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों के पहचान पत्र जांचे जा रहे हैं। इसके बाद तलाशी और बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है।
कलावा, बेल्ट और जूते उतरवाकर की गई जांच
परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली जा रही है। पहचान पत्र देखने के बाद जेबों की जांच की जा रही है। संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए रूमाल खुलवाकर देखे जा रहे हैं। इसके अलावा कलावा, बेल्ट और जूते उतरवाने के बाद ही अभ्यर्थियों को अंदर जाने दिया जा रहा है। मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं है।
तीन दिन, दो पालियों में होगी परीक्षा
पीईटी-2026 की परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को आयोजित की जाएगी। प्रत्येक परीक्षा दिवस पर दो पालियां निर्धारित हैं। पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक चलेगी।
पहली पाली के अभ्यर्थियों को सुबह आठ से 9:30 बजे तक तथा दूसरी पाली के अभ्यर्थियों को दोपहर एक से 2:30 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
एडमिट कार्ड और फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य
अभ्यर्थियों के लिए डाउनलोड किया हुआ प्रवेश पत्र, फोटोयुक्त पहचान पत्र अथवा मूल आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज की दो फोटो साथ लाना अनिवार्य है। दस्तावेजों की जांच और पहचान सत्यापन के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जा रहा है।
सीसीटीवी और बायोमेट्रिक से निगरानी
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर लाइव सीसीटीवी निगरानी और रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए फोटो और आइरिस स्कैन के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन भी किया जा रहा है। केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा से पहले सीसीटीवी और बायोमेट्रिक सिस्टम सहित सभी व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
100 बहुविकल्पीय प्रश्नों के देने होंगे जवाब
पीईटी-2026 में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट पर उत्तर देने होंगे। परीक्षा कक्ष में प्रत्येक 24 परीक्षार्थियों पर दो कक्ष निरीक्षकों की तैनाती रहेगी। प्रशासन का जोर परीक्षा को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार व्यवस्थित और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने पर है।



No comments:
Post a Comment