पुर्तगाल में आवास संकट के खिलाफ प्रदर्शन, पुलिस ने 25 लोगों को किया गिरफ्तार
लिस्बन में आधी रात के बाद पुलिस की कार्रवाई, प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज; मकानों की कमी और आसमान छूते किराये के खिलाफ सड़कों पर उतरे हजारों लोग
लिस्बन। पुर्तगाल में बढ़ते आवास संकट के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजधानी लिस्बन में लगाए गए शिविर को हटा दिया। रविवार तड़के की गई कार्रवाई में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और 25 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया। उन्हें सोमवार को अदालत में पेश होना है।
पुलिस के दर्जनों अधिकारी और कुछ पुलिसकर्मी कुत्तों के साथ रविवार तड़के करीब दो बजे लिस्बन के रॉसियो स्क्वायर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को पहले ही चेतावनी दी थी कि तंबू नहीं हटाने पर उन्हें तोड़ दिया जाएगा और विरोध करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। शनिवार को हजारों लोगों ने आवास संकट के खिलाफ मार्च निकाला था, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने यहां 100 से अधिक तंबू लगा दिए थे।
पोर्तो में भी शिविर हटाया, छह गिरफ्तार
लिस्बन के अलावा पोर्तो शहर के प्राका डी जोआओ प्रथम सार्वजनिक चौक पर लगाए गए करीब 50 तंबुओं को भी पुलिस ने हटा दिया। यहां छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों अभियानों में सात पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों को मामूली चोटें आईं। हालांकि, आंदोलनकारी संगठन ‘कासा परा विवेर’ ने दावा किया कि कार्रवाई में 60 लोग घायल हुए हैं। संगठन ने मंगलवार को संसद के बाहर नए प्रदर्शन का आह्वान किया है।
2017 से दोगुने से ज्यादा हुए मकानों के दाम
पुर्तगाल में मकानों की कीमतें 2017 के बाद से दोगुने से अधिक हो चुकी हैं, जबकि नए किरायानामों पर किराये भी लगभग दोगुने हो गए हैं। इसका सबसे ज्यादा असर युवाओं और कम आय वाले परिवारों पर पड़ रहा है। बैंक ऑफ पुर्तगाल के अनुमान के मुताबिक, देश में करीब तीन लाख मकानों की कमी है।
प्रदर्शनकारी सरकार से उस विधेयक को वापस लेने की मांग कर रहे हैं, जिससे मकान मालिकों के लिए किरायेदारों को बेदखल करना आसान हो सकता है। वे नए किरायानामों पर किराया सीमा खत्म करने के प्रस्ताव का भी विरोध कर रहे हैं। विधेयक को संसद में शुरुआती मंजूरी मिल चुकी है।
आंदोलनकारी संगठन ने पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर तड़के कार्रवाई करना आवास संकट का समाधान करने के बजाय विरोध की आवाज दबाने जैसा है। पुर्तगाल में बढ़ते किराये और रहने की लागत को लेकर असंतोष लगातार बढ़ रहा है। इसी तरह के मुद्दों पर हाल में स्पेन समेत यूरोप के अन्य देशों में भी प्रदर्शन हुए हैं।


No comments:
Post a Comment