जामिया में छात्रसंघ चुनाव का रास्ता साफ, संविधान मंजूर होने के 15 दिन बाद होगा मतदान

छात्रों का निलंबन और कारण बताओ नोटिस वापस लेने का फैसला, सुरक्षा कर्मचारियों की भूमिका की जांच के लिए बनेगी समिति

नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया में करीब दो दशक बाद छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को बड़ी राहत दी है। प्रशासन ने छात्रसंघ का संविधान मंजूर होने के 15 दिन बाद चुनाव कराने का फैसला लिया है। इसके साथ ही प्रदर्शन के दौरान छात्रों को जारी निलंबन आदेश और कारण बताओ नोटिस वापस लेने का निर्णय भी लिया गया है। रजिस्ट्रार कार्यालय की ओर से सोमवार को जारी आदेश में ये फैसले किए गए।

संविधान मंजूर होने के 15 दिन बाद चुनाव

छात्र पिछले कई दिनों से विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। प्रशासन के आदेश के मुताबिक, छात्रसंघ का संविधान स्वीकृत होने के 15 दिन बाद मतदान कराया जाएगा। हालांकि, आदेश में संविधान की मंजूरी और चुनाव की निश्चित तारीख का उल्लेख नहीं किया गया है।

निलंबन और नोटिस होंगे वापस

प्रदर्शन के दौरान अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना कर रहे छात्रों को राहत देते हुए प्रशासन ने उनके निलंबन आदेश और कारण बताओ नोटिस वापस लेने का फैसला किया है। छात्रसंघ चुनाव की बहाली के साथ ही छात्रों पर की गई कार्रवाई वापस लेना भी आंदोलन की प्रमुख मांगों में शामिल था।

सुरक्षा कर्मचारियों की भूमिका की जांच

प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा कर्मचारियों की भूमिका की जांच के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन समिति गठित करेगा। समिति यह पड़ताल करेगी कि आंदोलन के दौरान सुरक्षा कर्मचारियों ने किस तरह की कार्रवाई की थी।

सार्वजनिक माफी और सोशल मीडिया पोस्ट हटाने की शर्त

आदेश में प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान दिए गए कथित मानहानिकारक बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सार्वजनिक माफी देने की बात भी कही गई है। इसके तहत छात्रों को प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए माफी जारी करने और संबंधित पोस्ट सोशल मीडिया से हटाने को कहा गया है। प्रशासन ने इस शर्त के पालन की निगरानी करने की बात कही है।

आंदोलन तत्काल समाप्त करने का निर्देश

विश्वविद्यालय प्रशासन ने आदेश में स्पष्ट किया है कि फैसले जारी होते ही विरोध प्रदर्शन तत्काल समाप्त किया जाना चाहिए। चुनाव कराने, छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई वापस लेने और सुरक्षा कर्मचारियों की भूमिका की जांच जैसे मुद्दों पर निर्णय के बाद अब आंदोलन खत्म करने की जिम्मेदारी प्रदर्शनकारी छात्रों पर होगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts