दिल्ली में 12वीं की छात्रा ने स्कूल परिसर में की आत्महत्या
- तीन पन्नों का सुसाइड नोट लिखकर खुद को लगाई आग
नई दिल्ली (एजेंसी)।दिल्ली में आज एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। शाहदरा में 12वीं क्लास में पढ़ने वाली एक छात्रा ने खुद को आग लगाकर अपनी जान ले ली। ऐसा करने से पहले उसने तीन पन्ने का सुसाइड नोट भी लिखा। कृष्णा नगर इलाके के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा की उम्र 17 साल बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार छात्रा ने स्कूल में ही आत्महत्या कर ली। इस घटना से स्कूल में हड़कंप मच गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कृष्णा नगर थाने की पुलिस स्कूल पहुंची। पुलिस ने बताया कि छात्रा स्कूल के गार्ड रूम के पीछे जली हुई हालत में मिली। बताया जा रहा है कि वह अपने साथ एक बोतल में पेट्रोल या कोई केमिकल लेकर स्कूल आई थी और इसी को खुद पर छिड़ककर उसने खुद को आग लगा ली।
घटनास्थल पर पुलिस के साथ क्राइम सीन टीम और दमकल विभाग की टीम भी पहुंच गईं। स्कूल से ही पुलिस को तीन पन्नों का सुसाइड नोट मिला। हालांकि इस सुसाइड नोट के बारे में फिलहाल पुलिस ने कुछ जानकारी नहीं दी है। पुलिस को छात्रा के स्कूल बैग से कुछ अन्य सामग्री भी मिली है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और स्कूल परिसर और आत्महत्या की सटीक जगह के आसपास की तलाश की जा रही है जिससे इस घटना से जुड़े सभी तथ्य जुटाए जा सके। परिवार और स्कूल प्रशासन से पूछताछ की जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक और क्राइम टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से जरूरी सबूत जुटाए। इसके अलावा मृतका के स्कूल बैग और घटनास्थल से कुछ अन्य सामग्री भी बरामद की गई है, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस घटना के पीछे की परिस्थितियों और कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस फिलहाल शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी और विधिक प्रक्रिया पूरी कर रही है।


No comments:
Post a Comment