पाकिस्तान में तेज रफ्तार बस डिवाइडर से टकराकर पलटी, 11 की मौत
30 से अधिक यात्री घायल, मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल; निर्माणाधीन सड़क पर हुआ हादसा
पाकिस्तान,एजेंसी। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बुधवार को भीषण सड़क हादसे में 11 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए। कराची से डेरा गाजी खान जा रही तेज रफ्तार यात्री बस लाहौर से करीब 500 किलोमीटर दूर राजनपुर इलाके में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद बस सड़क पर पलट गई और कई यात्री उसमें फंस गए।
निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा
पाकिस्तान की राष्ट्रीय आपातकालीन सेवा रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता के अनुसार, दुर्घटना राजमार्ग के उस हिस्से में हुई, जहां सड़क निर्माण का काम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस तेज गति से जा रही थी। इसी दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा और बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
अस्पताल में तीन घायलों ने तोड़ा दम
अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में आठ यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई गई है। बचाव दल ने 19 घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया, जबकि मामूली रूप से घायल 12 लोगों को घटनास्थल पर ही प्राथमिक चिकित्सा दी गई। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश
पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने हादसे में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को घायलों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


No comments:
Post a Comment