जेल से बाहर आते ही आजम खान को ईडी ने किया गिरफ्तार, 11 महीने बाद भी घर नहीं पहुंच सके
बेटे अब्दुल्ला के साथ रामपुर जेल से निकले सपा नेता, गाजियाबाद कोर्ट में पेश करेगी ईडी; बोले- ‘मुसलमान होने की सजा मिल रही’
रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को 11 महीने बाद जेल से रिहाई तो मिली, लेकिन वह जेल से बाहर निकलकर घर नहीं पहुंच सके। शनिवार सुबह रामपुर जिला जेल के गेट पर पहुंचते ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। ईडी अधिकारियों ने पहले उनसे पूछताछ की और फिर अपने साथ गाड़ी में बैठाकर ले गए। बताया गया कि उन्हें गाजियाबाद की अदालत में पेश किया जाएगा।
आजम खान अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ जेल से बाहर आए थे। ईडी की कार्रवाई के दौरान अब्दुल्ला घर चले गए। घर रवाना होने से पहले उन्होंने समर्थकों के साथ नारेबाजी भी की। आजम खान को अपने साथ ले जाते समय समर्थकों की भारी भीड़ जेल के बाहर मौजूद रही।
आजम बोले- यह मुसलमान होने की सजा है
ईडी अधिकारियों से बातचीत के दौरान आजम खान भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, “अब कहने को क्या है? यह मुसलमान होने की सजा है। गलती यह है कि एक मुसलमान ने यूनिवर्सिटी बनाई। यह हमारा गुनाह है।” उन्होंने आसमान की ओर हाथ उठाकर इशारा भी किया।
रिहाई से पहले जेल पहुंची थी ईडी की टीम
आजम खान की रिहाई से करीब 15 मिनट पहले ही ईडी की टीम जेल के अंदर पहुंच गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर सीआरपीएफ के 24 जवान भी तैनात किए गए थे। जेल के बाहर सुबह से ही समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। आजम के बाहर आने पर समर्थकों ने नारे लगाए और सड़क पर भीड़ के कारण जाम की स्थिति बन गई।
29 अक्टूबर को हाईकोर्ट ने दी थी राहत
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 29 अक्टूबर को दो पैन कार्ड मामले में आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की 10 साल की सजा निलंबित कर दी थी। अदालत ने दोनों को जमानत भी दे दी थी। इसी आदेश के बाद शनिवार को दोनों रामपुर जेल से बाहर आए थे।


No comments:
Post a Comment