दिल्ली की रैली के लिए मेरठ कांग्रेस ने भरी हुंकार, 10 हजार लोगों को ले जाने का लक्ष्य

‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत रामलीला मैदान में जुटेंगे इंडिया गठबंधन के समर्थक, जिला और महानगर कांग्रेस की बैठक में सौंपी गईं जिम्मेदारियां

मेरठ, 22 अक्टूबर। दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली इंडिया गठबंधन की रैली को सफल बनाने के लिए मेरठ कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत मेरठ से 10 हजार लोगों को रैली में ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी सिलसिले में गुरुवार को प्रहलाद वाटिका स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिला और महानगर कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक अनंत दहिया की मौजूदगी में रैली की तैयारियों और जनभागीदारी बढ़ाने पर चर्चा की गई।

घर-घर पहुंचाएंगे अभियान का संदेश

बैठक की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस अध्यक्ष रंजन शर्मा ने की, जबकि संचालन कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा ने किया। बैठक में कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर अभियान का संदेश पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को दिल्ली रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। पदाधिकारियों को संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपते हुए आपसी समन्वय और जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर दिया गया।

मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही कांग्रेस: अनंत दहिया

एआईसीसी पर्यवेक्षक अनंत दहिया ने कहा कि राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के सहयोगी निष्पक्ष चुनाव तथा प्रत्येक मतदाता के मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा से जुड़ा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन, एकजुटता और जिम्मेदारी के साथ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

मेरठ से बड़ी भागीदारी का दावा

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष रंजन शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है। मताधिकार की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना जरूरी है। कांग्रेस संविधान, जनता के वोट और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान की रैली देश में इन मुद्दों पर आवाज बुलंद करने का अवसर है। मेरठ से 10 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य सामूहिक प्रयासों और जनसंपर्क के माध्यम से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में कई नेता रहे मौजूद

बैठक में राकेश सिंह, अवनीश काजला, जाहिद अंसारी, धूम सिंह गुर्जर, सलीमुद्दीन शाह, डॉ. कर्मेंद्र सिंह, तेजपाल डाबका, सत्य प्रकाश शर्मा, शाहनवाज कुरैशी, जवाहर सिंह, सचिन शर्मा, नरेश नेगी, राजू मैरल, विजय चिकारा, अनिल अरोड़ा, अविनाश पवार, पीयूष रस्तोगी, निसार अब्बासी, उदयवीर त्यागी, पीटर हैरिसन, डॉ. अजय शर्मा, बबिता गुर्जर, रीना शर्मा, रवनीश कुमार, रमाकांत शर्मा, संजय वर्मा और नासिर त्यागी सहित अनेक कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts