ओप्पो ने लॉन्च की फाइंड एक्स10 सीरीज, 200 एमपी कैमरे और 8000 एमएएच तक की बैटरी पर फोकस
फाइंड एक्स10 प्रो मैक्स में ट्रिपल 200 एमपी कैमरा सिस्टम, पैड मिनी और एनको एक्स4 भी पेश
मेरठ। ओप्पो इंडिया ने अपनी नई फ्लैगशिप स्मार्टफोन सीरीज ओप्पो फाइंड एक्स10 लॉन्च की है। इसमें ओप्पो फाइंड एक्स10 और फाइंड एक्स10 प्रो मैक्स शामिल हैं। कंपनी के मुताबिक, इस सीरीज में बेहतर कैमरा तकनीक, दमदार परफॉर्मेंस, 8000 एमएएच तक की बैटरी और प्रीमियम डिजाइन पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके साथ नया कलरओएस 17 ऑपरेटिंग सिस्टम भी पेश किया गया है। कंपनी ने अपने कनेक्टेड इकोसिस्टम का विस्तार करते हुए ओप्पो पैड मिनी टैबलेट और ओप्पो एनको एक्स4 भी लॉन्च किए हैं।
प्रो मैक्स में ट्रिपल 200 एमपी कैमरा सिस्टम
कंपनी के अनुसार, फाइंड एक्स10 में डुअल 200 मेगापिक्सल कैमरा सिस्टम दिया गया है, जबकि फाइंड एक्स10 प्रो मैक्स में तीनों रियर कैमरों के लिए 200 मेगापिक्सल का रिजॉल्यूशन उपलब्ध कराया गया है। हैसलब्लैड के साथ विकसित कैमरा सिस्टम में नया ल्यूमो ट्रू इमेज इंजन और दूसरी पीढ़ी का ट्रू कलर कैमरा शामिल है। इनका उद्देश्य तस्वीरों में प्राकृतिक रंगों, टोन और बारीकियों को बेहतर ढंग से दर्ज करना है।
सीरीज में 4K सिने-ग्रेड एचडीआर वीडियो, डॉल्बी विजन और ओपन गेट कैप्चर जैसे वीडियो फीचर भी दिए गए हैं। ल्यूमो कलर पैलेट की मदद से यूजर अपनी पसंद के मुताबिक तस्वीरों का रंग और स्टाइल भी तैयार कर सकेंगे।
एआई फीचर्स और दमदार प्रोसेसर
नए कलरओएस 17 में एआई माइंड पायलट के तहत एजेंट मोड दिया गया है। कंपनी के मुताबिक, यह डिवाइस में मौजूद फोटो और फाइलों के साथ काम करते हुए कई चरणों वाले कार्यों को पूरा करने में मदद कर सकता है। फाइंड एक्स10 प्रो मैक्स में 2 नैनोमीटर तकनीक पर आधारित मीडियाटेक डाइमेंसिटी 9600 प्रो प्रोसेसर दिया गया है। कंपनी ने सीरीज में बॉर्डरलेस डिजाइन और 8000 एमएएच तक की बैटरी क्षमता पर भी जोर दिया है।
पैड मिनी और एनको एक्स4 भी पेश
ओप्पो ने सीरीज के साथ अपना नया पैड मिनी टैबलेट भी पेश किया है। इसमें 8.8 इंच की कॉम्पैक्ट स्क्रीन के साथ फ्लैगशिप स्तर की परफॉर्मेंस और एआई आधारित उत्पादकता सुविधाएं दी गई हैं। वहीं, एनको एक्स4 को डाइनऑडियो के साथ मिलकर विकसित किया गया है, जिसका उद्देश्य बेहतर ध्वनि गुणवत्ता के साथ प्रीमियम ऑडियो अनुभव उपलब्ध कराना है।
ओप्पो इंडिया की कम्युनिकेशंस प्रमुख गोल्डी पटनायक ने कहा कि फाइंड एक्स सीरीज की दसवीं पीढ़ी में कंटेंट क्रिएटर्स की जरूरतों को ध्यान में रखा गया है। कंपनी का लक्ष्य तस्वीरों में वास्तविक दृश्यों के अनुरूप रंग और रोशनी दिखाने, एआई सुविधाओं को उपयोगी बनाने तथा कंटेंट कैप्चर करने से लेकर एडिट और शेयर करने तक की प्रक्रिया को आसान बनाना है।


No comments:
Post a Comment