आज से शुरू होगी वाहनों की नई पंजीयन श्रृंखला UP15-FK
फैंसी नंबरों की ऑनलाइन ई-नीलामी भी होगी, वाहन मालिकों को अधिकृत पोर्टल से ही जानकारी लेने की सलाह
मेरठ। जिले में निजी (नॉन-ट्रांसपोर्ट) वाहनों के पंजीयन के लिए नई श्रृंखला UP15-FK गुरुवार, 17 सितंबर से शुरू होगी। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) विकास कुमार यादव ने बताया कि इस तिथि से निजी श्रेणी के सभी नए वाहनों का पंजीयन इसी श्रृंखला में किया जाएगा।
नई श्रृंखला के तहत वीआईपी/च्वाइस (फैंसी) नंबर भी 17 सितंबर से भारत सरकार के VAHAN Fancy Number Portal पर ऑनलाइन ई-नीलामी के लिए उपलब्ध होंगे। इच्छुक लोग पोर्टल पर पंजीकरण कर अपनी पसंद की पंजीयन संख्या के लिए ऑनलाइन बोली लगा सकेंगे।
फैंसी नंबरों का आवंटन केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश शासन के निर्धारित नियमों, शर्तों और शुल्क के अनुसार ऑनलाइन एवं पारदर्शी ई-नीलामी प्रक्रिया से किया जाएगा। सफल बोलीदाता द्वारा तय समय में आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद संबंधित नंबर आवंटित किया जाएगा।
एआरटीओ ने बताया कि परिवहन विभाग की अधिकांश सेवाएं फेसलेस और ऑनलाइन हैं। वाहन स्वामी और विक्रेता पंजीयन से जुड़ी प्रक्रिया विभागीय पोर्टल के माध्यम से समय से पूरी करें। उन्होंने लोगों से अपील की कि पंजीयन और फैंसी नंबर से जुड़ी जानकारी केवल परिवहन विभाग के अधिकृत पोर्टल या कार्यालय से लें और किसी अनधिकृत व्यक्ति के संपर्क में न आएं।

No comments:
Post a Comment