17 से 30 सितंबर तक 1068 विद्यालयों में ड्राइंग प्रतियोगिता; 414 स्कूलों में भाषण और पांच उच्च शिक्षा संस्थानों में युवा संवाद

मेरठ। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में मेरठ के करीब 55 हजार विद्यार्थी विकसित भारत की अपनी कल्पना को रंगों और शब्दों के जरिए सामने रखेंगे। 17 से 30 सितंबर तक जिले के परिषदीय और निजी विद्यालयों के साथ उच्च शिक्षा संस्थानों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

कक्षा पांच से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए 1068 विद्यालयों में ड्राइंग प्रतियोगिता होगी। इसमें करीब 55 हजार विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। छात्र पिछले 10 वर्षों में देश की उपलब्धियों के साथ भविष्य के भारत की अपनी कल्पना को चित्रों और पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे। विद्यालय स्तर पर श्रेष्ठ चित्रों का चयन कर जिला स्तरीय प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया जाएगा।

414 विद्यालयों में 11 हजार विद्यार्थी देंगे भाषण

कक्षा नौ से 12 तक के करीब 11 हजार विद्यार्थी 414 विद्यालयों में भाषण प्रतियोगिता में शामिल होंगे। विद्यार्थी देश की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं पर अपने विचार रखेंगे। इस आयोजन के नोडल अधिकारी जिला विद्यालय निरीक्षक होंगे।

पांच संस्थानों में 75 युवा रखेंगे विचार

उच्च शिक्षा स्तर पर जिले के पांच संस्थानों में संवाद प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें करीब 75 युवा हिस्सा लेंगे। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी को इसका नोडल अधिकारी बनाया गया है। श्रेष्ठ ड्राइंग की जिला स्तरीय प्रदर्शनी और पुरस्कार वितरण समारोह चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित किया जाएगा।

जिला स्तरीय आयोजन के नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी नगर होंगे। श्रेष्ठ प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र, ट्रॉफी/मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts