गोंडा कारोबारी हत्याकांड में SHO समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित
लापरवाही के आरोप में कार्रवाई, विभागीय जांच के आदेश; मंत्री संजय निषाद ने SP को लगाई फटकार, तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार
गोंडा। कारोबारी विनोद कुमार साहनी हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में कथित लापरवाही बरतने के आरोप में परसपुर थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की जाएगी। उधर, मामले को लेकर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद ने गोंडा के एसपी अभिषेक को फटकार लगाई।
SHO समेत तीन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
एसपी अभिषेक के मुताबिक परसपुर थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक कमला शंकर चतुर्वेदी, शाहपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित सिंह और सिपाही अभिमन्यु भारती को निलंबित किया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हत्याकांड में बरती गई कथित लापरवाही को लेकर यह कार्रवाई की गई है।
इसके साथ ही कोंडरे थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल राय को परसपुर थाने का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
मंत्री ने SP से कहा- सरकार की छवि को नुकसान न पहुंचाएं
कारोबारी की हत्या के बाद गोंडा पहुंचे मंत्री संजय निषाद ने सर्किट हाउस में एसपी अभिषेक के सामने नाराजगी जताई। मौके पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। वीडियो में मंत्री एसपी को फटकार लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इससे पहले संजय निषाद मामले को लेकर गोंडा में धरने पर भी बैठे थे।
सोशल मीडिया पोस्ट के विवाद में हुआ था हमला
पुलिस के अनुसार, परसपुर क्षेत्र के रेक्सड़िया गांव निवासी 45 वर्षीय विनोद कुमार साहनी शाहपुर बाजार में बर्तन की दुकान चलाते थे। बुधवार शाम सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद चार मोटरसाइकिलों पर सवार करीब 10 लोगों ने दुकान बंद कर घर लौट रहे विनोद को रास्ते में रोककर हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल विनोद को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज और फिर लखनऊ रेफर किया गया, जहां गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मरने से पहले तीन हमलावरों की पहचान
पुलिस के मुताबिक, घायल विनोद ने इलाज के दौरान तीन हमलावरों की पहचान की थी। उनकी शिकायत के आधार पर शुभम सिंह उर्फ गोलू, सुभाष सिंह और आकाश सिंह समेत 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विनोद की मौत के बाद मुकदमे में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई।
पुलिस ने मामले में तीसरे आरोपी आकाश सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।

No comments:
Post a Comment