PoK में भारत से जुड़ने की मांग, LoC के पास जुटे हजारों प्रदर्शनकारी
115 दिन से जारी आंदोलन ने पकड़ा जोर, प्रदर्शनकारियों ने पुंछ-मेंढर का रास्ता खोलने और तारबंदी हटाने की मांग उठाई
मुजफ्फराबाद/मंधोल। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में चल रहा आंदोलन अब नियंत्रण रेखा (LoC) के नजदीक तक पहुंच गया है। आंदोलन के 115वें दिन सोमवार को LoC से करीब सात किलोमीटर दूर मंधोल इलाके में हजारों प्रदर्शनकारी जुटे। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भारत की ओर जाने वाला पुंछ-मेंढर मार्ग खोलने और LoC की तारबंदी हटाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से उनके अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। संयुक्त अवामी लीग (JAL) के नेताओं ने सरकार से पुंछ और मेंढर की ओर जाने वाला रास्ता खोलने की मांग दोहराई। प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर के खिलाफ भी नारे लगाए गए।
सप्लाई लाइन प्रभावित होने से खाद्य संकट
आंदोलन के चलते PoK में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित होने का दावा किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक कई इलाकों में आटा और अन्य खाद्य सामग्री की कमी हो गई है। आंदोलनकारियों का कहना है कि मांगें पूरी होने तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
LoC की ओर बढ़ रही भीड़
मंधोल और आसपास के इलाकों में प्रदर्शनकारियों की संख्या लगातार बढ़ने की बात कही जा रही है। मुजफ्फराबाद समेत PoK के विभिन्न हिस्सों से लोग LoC के नजदीक पहुंच रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी तनाव की स्थिति बनी हुई है।
सरकार के सामने बढ़ी चुनौती
प्रदर्शन के लंबे समय तक जारी रहने से PoK प्रशासन और पाकिस्तान सरकार के सामने चुनौती बढ़ गई है। आंदोलनकारी अपने अधिकारों और आवागमन से जुड़ी मांगों को लेकर दबाव बनाए हुए हैं। वहीं, स्थानीय राजनीतिक नेतृत्व की भूमिका और सरकार की अगली रणनीति पर भी नजर बनी हुई है।

No comments:
Post a Comment