दिल्ली में अवैध निर्माण पर चलेगा बुलडोजर, सभी PG-हॉस्टलों की होगी जांच
नई दिल्ली। सत्य निकेतन में PG की पांच मंजिला इमारत गिरने के बाद दिल्ली सरकार ने अवैध और असुरक्षित निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने MCD को अवैध इमारतों पर बुलडोजर चलाने और कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों की मौके पर मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दिल्ली के सभी PG और हॉस्टलों की गहन जांच के आदेश दिए गए हैं।
अधिकारियों को भवनों के रिकॉर्ड की जांच कर यह पता लगाने को कहा गया है कि अवैध निर्माण कब हुआ और इसके लिए संबंधित विभाग या अधिकारियों की जिम्मेदारी क्या थी। सत्य निकेतन हादसे में अब तक पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। छह सितंबर को हुई इस दुर्घटना में सात लोगों की मौत हुई थी।
पुलिस ने PG संचालक सुधांशु को भी गिरफ्तार किया है। इससे पहले भवन मालिक हरिराम बंसल, उनकी पत्नी उर्मिला, बेटे महेश और लेबर कॉन्ट्रैक्टर सनोज को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक बेसमेंट में पानी और सीलन की समस्या दूर करने के लिए मरम्मत कार्य चल रहा था। निर्माण के दौरान पावर ट्रोवेल मशीन चलाए जाने से पैदा हुई कंपन और पहले से कमजोर संरचना को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।
हादसे के बाद आसपास की इमारतों पर भी कार्रवाई तेज कर दी गई है। कनक लता गर्ल्स PG की दीवारों और छत में दरारें सामने आने के बाद उसे भी गिराया जा रहा है। वहां रहने वाली छात्राओं ने हादसे से कुछ मिनट पहले दरारों का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था।
सुप्रीम कोर्ट में 10 सितंबर को सुनवाई
सत्य निकेतन हादसा सुप्रीम कोर्ट भी पहुंच गया है। जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और जस्टिस आर. महादेवन की पीठ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संकेत दिया कि अवैध और जर्जर इमारतों का मुद्दा केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहेगा। अदालत देशभर में भवन सुरक्षा से जुड़े मामलों की स्थिति की समीक्षा कर सकती है। मामले में अगली सुनवाई 10 सितंबर को होगी।



No comments:
Post a Comment