रघुनाथ गर्ल्स पीजी कॉलेज की तीन बास्केटबॉल खिलाड़ियों ने जीता रजत पदक
अयोध्या में हुई राज्य स्तरीय सीनियर महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता में मेरठ मंडल की टीम ने 12 टीमों को हराकर बनाई फाइनल में जगह
मेरठ। रघुनाथ गर्ल्स पीजी कॉलेज की तीन बास्केटबॉल खिलाड़ियों ने अयोध्या में आयोजित राज्य स्तरीय सीनियर महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है।
महाविद्यालय की क्रीड़ा प्रभारी प्रो. भावना मित्तल ने बताया कि महाविद्यालय की तीन खिलाड़ियों का चयन मेरठ मंडल की टीम में हुआ था। तीनों ने 27 से 29 जुलाई 2026 तक अयोध्या में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। मेरठ मंडल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार 12 टीमों को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया और प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया।
टीम में महाविद्यालय की अनु भाटी (बीकॉम तृतीय वर्ष), आस्था गॉड (बीए तृतीय वर्ष) और चंचल (बीए तृतीय वर्ष) शामिल रहीं। तीनों खिलाड़ी नियमित रूप से महाविद्यालय के मैदान पर अभ्यास करती हैं। महाविद्यालय की ओर से उन्हें खेल संबंधी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी ने क्रीड़ा प्रभारी प्रो. भावना मित्तल, कोच ओंकार सिंह और तीनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महाविद्यालय की सभी शिक्षिकाओं ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।


No comments:
Post a Comment