ध्वस्तीकरण की आहट से गरमाया माहौल, उल्देपुर में आज किसानों-व्यापारियों की पंचायत
मेरठ। अवैध कॉलोनियों के खिलाफ संभावित ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। कार्रवाई की आशंका के बीच प्रभावित लोगों, किसानों और व्यापारियों ने आंदोलन की रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। गुरुवार को उल्देपुर क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग एल-ब्लॉक, शास्त्रीनगर पहुंचे और मेरठ बचाओ संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष रविंद्र गुर्जर तथा किसान नेता विजय राघव से मुलाकात की। इस दौरान जागृति विहार, शास्त्रीनगर और माधवपुरम के व्यापारी भी मौजूद रहे।
बैठक में पूरे मामले को लेकर विचार-विमर्श किया गया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शुक्रवार को उल्देपुर में पंचायत आयोजित की जाएगी। इसमें शहर के व्यापारी और कार्रवाई से प्रभावित लोग भी शामिल होंगे। किसान नेता विजय राघव के मुताबिक पंचायत के लिए टेंट लगाया जाएगा और भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचायत के बाद अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान भी किया जा सकता है।
‘कारपोरेट घरानों के अवैध निर्माण पहले गिराए जाएं’
किसान नेता विजय राघव ने कहा कि वे सुप्रीम कोर्ट के आदेश का सम्मान करते हैं। उनकी लड़ाई अदालत के आदेश के खिलाफ नहीं, बल्कि कार्रवाई में समानता को लेकर है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों के निर्माण पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि बड़े कारपोरेट घरानों के कथित अवैध निर्माणों पर कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि पहले बड़े और प्रभावशाली लोगों के अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की जाए, इसके बाद गरीब अपने निर्माण खुद हटाने को तैयार हैं।
माधवपुरम में भी विरोध के स्वर
आवास विकास परिषद की कार्रवाई को लेकर माधवपुरम के लोगों में भी नाराजगी सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में स्थानीय व्यापारी और अन्य लोग कार्रवाई का विरोध करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ लोगों ने भाजपा को वोट नहीं देने की शपथ लेने की बात कही है।
हापुड़ रोड पर भी आंदोलन की तैयारी
ध्वस्तीकरण की संभावित कार्रवाई को लेकर हापुड़ रोड क्षेत्र में भी लोगों के बीच हलचल बढ़ गई है। गुरुवार को क्षेत्रीय लोगों ने बैठक कर आंदोलन की रणनीति पर विचार किया। बैठक में जल्द ही एक कमेटी गठित करने का निर्णय लिया गया, जो आगे की कार्रवाई तय करेगी।

No comments:
Post a Comment