मंदिर में तख्त से बांधकर दो साधुओं को जिंदा जलाया, डबल मर्डर से मचा हड़कंप

जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद की बात सामने आई, पुलिस ने शुरू की जांच; आरोपी की भूमिका की पड़ताल

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में हनुमान मंदिर परिसर में दो वृद्ध साधुओं की आग में झुलसने से मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक दोनों को तख्त से बांधकर आग लगाए जाने की बात सामने आई है। घटना बुधवार देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान गोपाल दास और बड़े दास के रूप में हुई है। बड़े दास के दिव्यांग होने की जानकारी है।

मंदिर की जमीन को लेकर विवाद की आशंका

मंदिर गांव के पश्चिमी हिस्से में स्थित है। दोनों साधु मंदिर में रहकर पूजा-पाठ करने के साथ उसकी देखभाल करते थे। प्रारंभिक जानकारी में मंदिर की जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, मामले में सुमित सिंह नाम के युवक पर दोनों साधुओं के साथ मारपीट करने और उन्हें अलग-अलग तख्त से बांधकर आग लगाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपी का परिवार मंदिर की जमीन पर अपना दावा करता रहा है। हालांकि घटना की वास्तविक वजह और आरोपी की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

पहले विवाद, फिर आग लगाने का आरोप

बताया जा रहा है कि बुधवार रात आरोपी पहले गांव में घूमते हुए काल सिंह स्थान पहुंचा, जहां उसने कथित तौर पर लाइट तोड़ी। इसके बाद वह हनुमान मंदिर पहुंचा। यहां दोनों वृद्धों से विवाद होने की बात सामने आई है। आरोप है कि विवाद के बाद दोनों के साथ मारपीट की गई और उन्हें तख्त से बांधकर मंदिर परिसर तथा आसपास से जुटाई गई लकड़ियों से आग लगा दी गई। आग में झुलसने से दोनों की मौत हो गई।

दो महीने पहले जेल से छूटने की बात

ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी करीब दो महीने पहले जेल से बाहर आया था। उसके खिलाफ पहले से एससी-एसटी एक्ट और वाहन जलाने समेत कई मामलों में मुकदमे दर्ज होने की बात कही जा रही है। हालांकि उसके आपराधिक रिकॉर्ड से जुड़ी इन जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जमीन विवाद की पृष्ठभूमि, घटनाक्रम और आरोपी की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts