नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता की प्रसव के दौरान मौत, मृत बच्चे को दिया जन्म
सोनभद्र। सोनभद्र में दुष्कर्म की शिकार नाबालिग किशोरी की प्रसव के दौरान मौत हो गई। जिला अस्पताल में बुधवार को प्रसव के दौरान उसने मृत बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी हालत बिगड़ गई। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद रक्तस्राव नहीं रुक सका और उसकी मौत हो गई।
पांच माह की गर्भवती होने की हुई थी पुष्टि
घोरावल कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला अगस्त में सामने आया था। परिजनों ने 12 अगस्त को गांव के एक युवक को किशोरी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा था। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
मेडिकल जांच के दौरान किशोरी के करीब पांच माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई थी। मंगलवार को पेट में दर्द होने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
प्रसव के बाद लगातार होता रहा रक्तस्राव
जिला अस्पताल में बुधवार को किशोरी ने प्रसव के दौरान मृत बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद उसे अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। चिकित्सकों ने रक्तस्राव रोकने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इलाज के दौरान किशोरी की मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

No comments:
Post a Comment