विम्स में जटिल ‘कॉडा इक्विना सिंड्रोम’ की सफल सर्जरी
45 वर्षीय मरीज को स्थायी लकवे से बचाया
मेरठ। राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास स्थित श्री वेंक्टेश्वरा संस्थान के विम्स सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल के आर्थो एवं सर्जरी विभाग की टीम ने रीढ़ की हड्डी की गंभीर और जटिल बीमारी ‘कॉडा इक्विना सिंड्रोम’ की सफल आपातकालीन सर्जरी कर 45 वर्षीय मरीज को संभावित स्थायी विकलांगता से बचाने में सफलता हासिल की है। संभल के गुन्नौर निवासी नेमचंद को दो दिन से शरीर के निचले हिस्से में सुन्नपन, संवेदना की कमी तथा मल-मूत्र पर नियंत्रण खत्म होने की समस्या थी। मरीज के पैरों में भी लगभग पूरी तरह संवेदना समाप्त हो गई थी।
विम्स के वरिष्ठ आर्थो सर्जन डॉ. विशाल सिद्धू, स्पाइन सर्जन डॉ. अमित रे, आर्थो सर्जन डॉ. मिस्बाह और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. विपिन कुमार समेत चिकित्सकों की टीम ने एमआरआई जांच में बीमारी की पुष्टि होने के बाद निर्धारित आपातकालीन समय-सीमा के भीतर जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक पूरा किया। चिकित्सकों के अनुसार कॉडा इक्विना सिंड्रोम में रीढ़ की हड्डी के निचले हिस्से में स्थित नसों के गुच्छे पर गंभीर दबाव पड़ जाता है। इससे कमर के नीचे तेज दर्द, जननांग क्षेत्र, मलाशय और दोनों पैरों में संवेदना समाप्त होने तथा मल-मूत्र पर नियंत्रण खोने जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। समय पर उपचार न मिलने पर स्थायी तंत्रिका क्षति और विकलांगता का खतरा बढ़ सकता है।
चिकित्सकों ने बताया कि एमआरआई से बीमारी की पुष्टि होने के बाद ऐसे मामलों में जल्द से जल्द सर्जिकल उपचार बेहद महत्वपूर्ण होता है। सफल ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति में सुधार हो रहा है और चिकित्सकों के अनुसार आगामी दो-तीन सप्ताह में शरीर के ऊपरी हिस्से से निचले हिस्से तक संवेदनाओं का संचार बेहतर होने की उम्मीद है।
विम्स की इस उपलब्धि पर संस्थापक अध्यक्ष श्री सुधीर गिरि ने पूरी आर्थो एवं सर्जरी टीम को बधाई देते हुए अस्पताल को चिकित्सा सेवाओं का ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी ने कहा कि सस्ती, सुलभ, सटीक और प्रभावी चिकित्सा सेवाओं तथा जटिल सर्जरी की सुविधाओं के कारण विम्स पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मरीजों के लिए प्रमुख उपचार केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।
सफल सर्जरी करने वाली टीम को वित्त निदेशक युवराज सिंह, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. शिशिर पाटिल, एडिशनल एमएस डॉ. अमित जैन, हॉस्पिटल निदेशक/जीएम मेघा सबरवाल, डॉ. अभय भटनागर, डॉ. पंकज सिंह और मीडिया प्रभारी विश्वास राणा सहित अन्य अधिकारियों ने बधाई दी।





No comments:
Post a Comment