चंद्रशेखर पर हमले के विरोध में कलेक्ट्रेट पर गरजे आसपा-भीम आर्मी कार्यकर्ता

कमिश्नरी से कलेक्ट्रेट तक निकाला जुलूस, हमलावरों की गिरफ्तारी और सांसद को Z+ सुरक्षा देने की मांग

मेरठ। नगीना सांसद एवं आजाद समाज पार्टी (आसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पर बाराबंकी में हुए हमले के विरोध में बुधवार को आसपा और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता कमिश्नरी से जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।

आसपा के प्रदेश सचिव डॉ. ओम प्रकाश ने कहा कि बाराबंकी में सांसद के काफिले पर हमला गंभीर मामला है। उनका आरोप था कि पुलिस की मौजूदगी में काफिले पर हमला हुआ और बाद में कार्यकर्ताओं से भी अभद्रता की गई। उन्होंने हमले के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

बढ़ते राजनीतिक प्रभाव को लेकर लगाए आरोप

भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष चतर सिंह जाटव ने आरोप लगाया कि चंद्रशेखर आजाद के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता उनके साथ मजबूती से खड़े हैं और किसी भी तरह की घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

राष्ट्रपति को भेजे ज्ञापन में कई मांगें

कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को भेजे ज्ञापन में चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हमले के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, मामले की उच्चस्तरीय जांच के लिए कमेटी गठित करने और सांसद को Z+ सुरक्षा देने की मांग की। इसके अलावा लखनऊ में धरना दे रहे पंचायत सहायकों की समस्याओं का समाधान कराने, 68,500 शिक्षकों की भर्ती में कथित आरक्षण घोटाले की जांच और इस्लामी धर्मस्थलों को निशाना बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।

प्रदर्शन में भाजपा छोड़कर हाल ही में आसपा में शामिल हुए कपिल मुखिया के अलावा संजीव पाल, मोहम्मद फारूक सैफी, पिंकल गुर्जर, सुनील राणा, फहीम रंगरेज, सुरेंद्र रछोती समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts