कपिल मुखिया ने थामा आसपा का दामन, मेरठ दक्षिण से चुनाव लड़ने की चर्चा
भाजपा छोड़ने के बाद जताई थी अनदेखी की बात, दिल्ली में चंद्रशेखर आजाद ने दिलाई पार्टी की सदस्यता
मेरठ। मेरठ सदर क्षेत्र के ब्लॉक प्रमुख कपिल मुखिया ने बुधवार को आजाद समाज पार्टी (आसपा) का दामन थाम लिया। दिल्ली में पार्टी प्रमुख एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद ने उन्हें सदस्यता दिलाई। कपिल मुखिया ने 10 सितंबर को भाजपा छोड़ने की घोषणा की थी। वह लंबे समय से भाजपा से जुड़े हुए थे।
आसपा में शामिल होने के बाद कपिल मुखिया ने कहा कि वह चंद्रशेखर आजाद के कार्यों और गरीबों एवं कमजोर वर्गों के लिए उनके प्रयासों से प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि इसी वजह से उन्होंने आसपा से जुड़ने का निर्णय लिया है। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थकों ने भी पार्टी की सदस्यता ली।
चंद्रशेखर आजाद ने कपिल मुखिया का स्वागत करते हुए कहा कि मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में उनका प्रभाव है और वह जरूरतमंद लोगों की मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि कपिल मुखिया पुरानी पार्टी में खुलकर काम नहीं कर पा रहे थे। आसपा में उनके साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं होगा और उन्हें सम्मान के साथ काम करने का अवसर मिलेगा।
दक्षिण सीट से चुनाव लड़ने की चर्चा
कपिल मुखिया को फिलहाल पार्टी में कौन-सी जिम्मेदारी दी जाएगी, यह स्पष्ट नहीं है। हालांकि, राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें मेरठ दक्षिण सीट से आसपा का प्रत्याशी बनाया जा सकता है। पार्टी की ओर से अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
आसपा जिलाध्यक्ष चरण सिंह ने कहा कि कपिल मुखिया के पार्टी में शामिल होने से मेरठ में संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि लगातार लोग आसपा से जुड़ रहे हैं।

No comments:
Post a Comment