सर्पदंश के बाद झाड़-फूंक में समय न गंवाएं, तुरंत अस्पताल ले जाएं
मेरठ। उच्च प्राथमिक विद्यालय बहलोलपुर, ब्लॉक माछरा में बुधवार को स्कूल सुरक्षा ऑडिट एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ऑडिट के बाद शिक्षकों, रसोइयों, अनुदेशकों और छात्र-छात्राओं को विभिन्न आपदाओं से बचाव के उपाय बताए गए। आपदा प्रबंधन विषय विशेषज्ञ मुकुंद वल्लभ शर्मा ने सर्पदंश की घटना पर विशेष रूप से जागरूक करते हुए कहा कि सांप के काटने के बाद झाड़-फूंक कराने या सपेरों के चक्कर में समय बर्बाद नहीं करना चाहिए। पीड़ित को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि काटे गए स्थान को साबुन और पानी से अच्छी तरह साफ करना चाहिए।
उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार टाइम्स प्रो, लखनऊ की टीम द्वारा जनपद के सरकारी विद्यालयों में स्कूल सुरक्षा ऑडिट किया जा रहा है। इसी क्रम में बहलोलपुर विद्यालय का ऑडिट आपदा प्रबंधन विषय विशेषज्ञ मुकुंद बल्लभ शर्मा, सिविल इंजीनियर अभिषेक त्यागी तथा फायर एवं अग्नि सुरक्षा विशेषज्ञ विवेक कुमार ने किया। जोनल कोऑर्डिनेटर देवेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जनपदों में अभियान संचालित किया जा रहा है। मेरठ में डीसी नरेंद्र कुमार और आईटी विशेषज्ञ शिवम के सहयोग से कार्य किया जा रहा है।
ऑडिट के दौरान विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। रसोई, शौचालय, पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सुविधाएं, कक्षाओं, स्टाफ रूम, गतिविधि कक्ष, गेट-खिड़कियों, टीवी और इमरजेंसी लाइट आदि की स्थिति का मूल्यांकन किया गया। जिन सुविधाओं की कमी अथवा आवश्यकता पाई गई, उनकी जानकारी शासन को उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन संकलित कर भेजी गई।
भूकंप, बाढ़ और आकाशीय बिजली से बचाव की दी जानकारी
ऑडिट के बाद आयोजित प्रशिक्षण में मुकुंद वल्लभ शर्मा ने सर्पदंश के अलावा आकाशीय बिजली, भूकंप, शीतलहर, लू, सड़क सुरक्षा, नाव दुर्घटना और बाढ़ जैसी आपदाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्कूल सुरक्षा ऑडिट का उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और विद्यालयों को अधिक सुरक्षित बनाना है। बच्चों की सुरक्षा, बेहतर शिक्षा और सुरक्षित विद्यालय सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य कृष्ण वर्मा की अनुपस्थिति में उपप्रधानाचार्य गुलाब सिंह के साथ सुनीता सिद्धू, गुलशरण, अजय कुमार, इंतजार अली, गार्गी तोमर और रीमा रानी सहित विद्यालय स्टाफ, अनुदेशक एवं सभी रसोइया मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment