बैजल भवन चौराहे पर बदली ट्रैफिक व्यवस्था, कुटिया से वन-वे लागू
जाफर वाला बाग, बेगमपुल और माल रोड से आने वाले वाहनों के रूट बदले; बैजल भवन से कुटिया की ओर वाहनों की एंट्री बंद
मेरठ। बैजल भवन चौराहे पर लगातार लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने नई व्यवस्था लागू की है। कुटिया चौराहे से बैजल भवन चौराहे तक वन-वे व्यवस्था अब स्थायी रूप से लागू रहेगी। बैजल भवन की ओर से कुटिया चौराहे की तरफ आने वाले वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। नई व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
जाफर वाला बाग से बैजल भवन की ओर सीधा रास्ता बंद
जाफर वाला बाग की ओर से आने वाले वाहन अब बैजल भवन की तरफ सीधे नहीं जा सकेंगे। एसएसपी आवास या कमिश्नरी की ओर जाने वाले वाहन चालकों को बायीं ओर मुड़कर साईं मंदिर रोड का इस्तेमाल करना होगा। वहीं, बेगमपुल की तरफ से आने वाले वाहनों को यू-टर्न लेकर बैजल भवन रोड पर जाने की अनुमति नहीं होगी।
माल रोड से आने वाले वाहनों का भी बदला रूट
माल रोड की ओर से आने वाला वह ट्रैफिक, जो पहले बैजल भवन के सामने से कमिश्नरी की ओर जाता था, अब इस मार्ग का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा। ऐसे वाहन हजारी का प्याऊ (मंदिर रोड) अथवा कमिश्नरी आवास चौराहा होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
चौधरी चरण सिंह पार्क से कुटिया चौराहे की ओर यातायात का संचालन पहले की तरह जारी रहेगा।
क्रॉसिंग और यू-टर्न से बनने वाला दबाव होगा कम
प्रभारी ट्रैफिक लालसा पांडेय ने बताया कि बैजल भवन चौराहे पर लगातार जाम की स्थिति को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। कुटिया चौराहे से बैजल भवन तक वन-वे लागू करने से अनावश्यक क्रॉसिंग और यू-टर्न पर रोक लगेगी। इससे चौराहे पर यातायात का दबाव कम करने का प्रयास किया गया है।
नई व्यवस्था एक नजर में
जाफर वाला बाग से बैजल भवन : सीधा रास्ता बंद।
जाफर वाला बाग से एसएसपी आवास/कमिश्नरी : साईं मंदिर रोड से जाना होगा।
बैजल भवन रोड से कुटिया चौराहा : वाहनों की आवाजाही बंद।
बेगमपुल से यू-टर्न लेकर बैजल भवन रोड : अनुमति नहीं।
माल रोड से कमिश्नरी : हजारी का प्याऊ या कमिश्नरी आवास चौराहा होकर जाना होगा।
चौधरी चरण सिंह पार्क से कुटिया चौराहा : यातायात यथावत रहेगा।

No comments:
Post a Comment