भावनपुर थाने में आरोपी ने बनाई रील, वायरल होते ही मचा हड़कंप

मारपीट के आरोपी का 22 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल; पुलिस बोली- वीडियो पुराना, जांच के बाद साफ होगी पूरी स्थिति

मेरठ। भावनपुर थाने के अंदर मारपीट के एक आरोपी की रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने का मामला सामने आया है। करीब 22 सेकंड के वायरल वीडियो में एक युवक थाना परिसर में खड़ा होकर मोबाइल पर बात करता नजर आ रहा है। पीछे गाना बज रहा है और युवक बेफिक्र अंदाज में वीडियो रिकॉर्ड कराता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और थाने की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

रविवार को वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वीडियो में नजर आ रहे युवक की पहचान भावनपुर क्षेत्र के गांव जेई निवासी शोएब पुत्र आकिल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शोएब का नाम मारपीट के एक मामले में सामने आया है। ऐसे में थाने के भीतर से रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड किए जाने को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

थाने में कैसे बना वीडियो?

वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी भावनपुर पुलिस को दी। लोगों का कहना है कि यदि युवक किसी मामले में आरोपी है तो थाना परिसर में इस तरह वीडियो बनाना पुलिस की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया था।

SHO बोले- वीडियो पुराना है

भावनपुर थाना प्रभारी प्रताप सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो पुराना है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही वीडियो बनाए जाने के समय, युवक की थाने में मौजूदगी और वीडियो वायरल होने की परिस्थितियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts