मेरठ में हथियार तस्कर का एनकाउंटर, पैर में लगी गोली; तीन साथी अंधेरे में फरार
अछरोंदा-बहादुरपुर अंडरपास के पास पुलिस से हुई मुठभेड़, 32 बोर की पिस्टल, कारतूस और दो वाहन बरामद; फरार आरोपियों की तलाश में कॉम्बिंग
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। अछरोंदा-बहादुरपुर अंडरपास के पास घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घायल आरोपी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमें आसपास के इलाके में कॉम्बिंग करने के साथ संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, सोमवार तड़के सूचना मिली थी कि अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह के सदस्य अछरोंदा-बहादुरपुर अंडरपास के पास मौजूद हैं। सूचना पर थाना प्रभारी अजय शुक्ला के नेतृत्व में परतापुर पुलिस और नगर स्वाट टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस ने संदिग्धों को रुकने और आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और बहादुरपुर की ओर भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
आमिर के पैर में लगी गोली
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र निवासी आमिर पुत्र हाजी फरियाद के बाएं पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 32 बोर की पिस्टल, मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। मौके से एक स्कूटी और एक स्प्लेंडर बाइक भी मिली है।
तीन बदमाश अंधेरे में हुए फरार
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि पूछताछ में घायल आरोपी ने अपने साथ तीन अन्य बदमाशों के होने की जानकारी दी है। मुठभेड़ के दौरान तीनों अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों ने आसपास के इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

No comments:
Post a Comment