राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए डिजिटल माध्यमों का होगा इस्तेमाल

12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, सोशल मीडिया के जरिए आमजन को किया जाएगा जागरूक

मेरठ। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशों के तहत डिजिटल एवं सोशल मीडिया माध्यमों का भी सहयोग लिया जाएगा।

इसी क्रम में शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव प्रियंका रानी ने डॉ. हरिओम पंवार के साथ बैठक कर राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार की रणनीति पर चर्चा की। बैठक में अधिक से अधिक लोगों को डिजिटल माध्यमों के जरिए लोक अदालत के प्रति जागरूक करने और इसके लाभों की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया गया।

प्रभारी सचिव ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी सुलह और समझौते के आधार पर त्वरित निस्तारण कराया जा सकता है। इससे पक्षकारों के समय और धन की बचत होती है तथा विवादों का समाधान आपसी सौहार्द के साथ संभव होता है।

उन्होंने आमजन से अपील की कि वे 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाएं और अपने लंबित विवादों के सुलह-समझौते से निस्तारण के लिए संबंधित विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करें।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts