21 से पहले बम फूटेगा’—सेंट्रल मार्केट विवाद में रविंद्र गुर्जर का बड़ा दावा
राहुल यादव के निलंबन की मांग दोहराई, बोले- अभी इंतजार करो, व्यापारियों को मिलेगी राहत
मेरठ। सेंट्रल मार्केट प्रकरण को लेकर व्यापार बचाओ आंदोलन समिति के अध्यक्ष रविंद्र गुर्जर ने अधीक्षण अभियंता राहुल यादव के निलंबन की मांग एक बार फिर दोहराई है। शुक्रवार को अपने आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि उनकी मांग पहले भी यही थी और आज भी यही है कि राहुल यादव का निलंबन किया जाना चाहिए।
रविंद्र गुर्जर ने कहा कि सेंट्रल मार्केट से जुड़े मामले में व्यापारियों के हितों की लड़ाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने दावा किया कि 21 सितंबर से पहले इस प्रकरण में बड़ा खुलासा होगा, जिसके बाद व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह खुलासा किस स्तर पर या किस मुद्दे से संबंधित होगा।
चार मांगों में कितनी पूरी हुईं, नहीं बताया
पत्रकारों ने जब रविंद्र गुर्जर से उनकी चार प्रमुख मांगों में से पूरी हुई मांगों के बारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा कि उच्च स्तर पर बातचीत आगे बढ़ रही है। जब उनसे संबंधित उच्च अधिकारी का नाम पूछा गया तो उन्होंने नाम बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “अभी इंतजार करो।”
‘21 से पहले बम फूटेगा’
पत्रकार वार्ता के दौरान रविंद्र गुर्जर ने अपने दावे को और स्पष्ट करते हुए कहा कि “21 से पहले बम फूटेगा”। उन्होंने दावा किया कि इस घटनाक्रम के बाद व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, उन्होंने कथित बड़े खुलासे से जुड़ी कोई ठोस जानकारी या दस्तावेज सार्वजनिक नहीं किए।
व्यापारियों के हित में आंदोलन जारी रखने का दावा
रविंद्र गुर्जर ने कहा कि सेंट्रल मार्केट प्रकरण में व्यापारियों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उन्हें न्याय दिलाने के लिए समिति अपनी आवाज आगे भी उठाती रहेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग दोहराते हुए कहा कि व्यापारियों को राहत दिलाना समिति की प्राथमिकता है।


No comments:
Post a Comment