स्वतंत्र भारद्वाज हिरासत में, दिल्ली पुलिस ने बुलंदशहर से पकड़ा

नई दिल्ली। छात्रा निशु आजाद के पिता पर कथित हमले के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंदशहर से हिरासत में ले लिया। पुलिस टीम को भारद्वाज के बुलंदशहर में मौजूद होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद सादे कपड़ों में पहुंची टीम ने उसे हिरासत में लिया।

बताया जा रहा है कि भारद्वाज वहां से निकलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे पकड़ लिया। उसके खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दरअसल, शुक्रवार को संसद मार्ग थाने के बाहर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और समर्थकों ने प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने निशु आजाद के पिता पर कथित रूप से हमला करने वाले स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी और मामले में सुसंगत धाराएं जोड़ने की मांग की थी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया था।

निशु आजाद ने मांगी सुरक्षा

जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में शामिल निशु आजाद ने अपनी सुरक्षा की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और उन्हें इस बात का डर है कि उन पर कभी भी हमला हो सकता है।

निशु आजाद ने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के साथ दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से मुलाकात भी की। इस दौरान मामले में धारा 307 और एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराएं जोड़ने तथा अन्य आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।

पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts