कला शिक्षा को नई उड़ान देगा एमओयू, दो महाविद्यालयों की छात्राएं मिलकर करेंगी रचनात्मक गतिविधियां
रघुनाथ गर्ल्स पीजी कॉलेज और इस्माइल नेशनल महिला पीजी कॉलेज के बीच समझौता, कार्यशालाओं से लेकर कला प्रतियोगिताओं तक होंगे संयुक्त आयोजन
मेरठ। रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, मेरठ के विजुअल आर्ट: ड्रॉइंग एवं पेंटिंग विभाग और इस्माइल नेशनल महिला पीजी कॉलेज के बीच छात्राओं के शैक्षणिक एवं रचनात्मक विकास को लेकर 29 सितंबर को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए किया गया है।
एमओयू के तहत दोनों महाविद्यालय छात्राओं के लिए पेशेवर कलाकारों एवं शिक्षकों के साथ कार्यशालाएं, व्याख्यान और संवाद सत्र आयोजित करेंगे। इसके अलावा छात्राओं की कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाने के साथ उन्हें क्यूरेटोरियल कौशल विकसित करने के अवसर भी दिए जाएंगे। दोनों संस्थानों की छात्राओं के बीच अंतर-महाविद्यालयीय ड्रॉइंग एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
समझौते में छात्राओं को क्षेत्रीय एवं राज्य स्तरीय कला प्रतियोगिताओं में सहभागिता के लिए प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया गया है। संयुक्त गतिविधियों के लिए दोनों संस्थान आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर, संकाय समन्वयक और छात्र सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। साथ ही प्रत्येक महाविद्यालय कम से कम एक कार्यक्रम का आयोजन एवं प्रायोजन करेगा।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर निवेदिता कुमारी ने कहा कि यह एमओयू कला शिक्षा के क्षेत्र में मेरठ की छात्राओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे छात्राओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने और उसे व्यापक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
प्रो. अर्चना रानी ने भी समझौते को कला शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल बताया। इस अवसर पर डॉ. नाजिमा इरफान, डॉ. आंचल सिंह और डॉ. दिशा दिनेश मौजूद रहीं। दोनों संस्थानों के बीच हुआ यह एमओयू शैक्षणिक सत्र 2026-27 तक प्रभावी रहेगा तथा आपसी सहमति से आगे इसका नवीनीकरण किया जा सकेगा।

No comments:
Post a Comment