रीलबाज बने सरकारी महकमे के अफसर

सरकारी योजनाओं के प्रचार के लिए सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने की होड़, रोजाना हो रही समीक्षा

मेरठ। सरकारी महकमों के अफसर और कर्मचारी अब सरकारी योजनाओं और विभागीय गतिविधियों के प्रचार-प्रसार के लिए रील बनाने में जुट गए हैं। सेवा संकल्प माह के तहत सभी विभागों को अपनी गतिविधियों और योजनाओं से संबंधित वीडियो बनाकर फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। रील बनाने के अभियान की रोजाना समीक्षा भी की जा रही है।

भाजपा का सेवा संकल्प माह 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसी अवधि में सरकारी विभागों को रील बनाने और उन्हें सोशल मीडिया पर अपलोड करने का सिलसिला जारी रखना है। शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल विकास, कृषि, पशुपालन, उद्योग, आपूर्ति समेत अन्य विभागों को सरकारी योजनाओं और लाभार्थियों से संबंधित रील बनाने के निर्देश दिए गए हैं। कर्मचारी सुबह से ही अपने कार्यों और विभागीय योजनाओं की वीडियो रिकॉर्डिंग में जुटे हैं।

सरकारी कार्यालयों में रील की चर्चा

सरकारी कार्यालयों में इन दिनों रील बनाने की चर्चा जोरों पर है। विभागाध्यक्ष एक-दूसरे की चुटकी लेते हुए पूछ रहे हैं कि कितनी रील बनवाई गईं। कुछ विभागों में दिनभर में कई रील तैयार कर सोशल मीडिया पर डाली जा रही हैं, जबकि कुछ कर्मचारी अभी इसकी प्रक्रिया समझने में जुटे हैं। लक्ष्य पूरा न होने पर कई कर्मचारियों को जनपद स्तरीय अधिकारियों की फटकार भी सुननी पड़ी है।

कर्मचारियों को मोबाइल से वीडियो बनाकर विभागाध्यक्षों को भेजने के लिए कहा गया है। इसके बाद विभागाध्यक्ष वीडियो का सत्यापन कर उसे संबंधित वाट्सऐप समूहों के साथ फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर पोस्ट कर रहे हैं। कुछ विभाग रील तैयार कराने के लिए सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर की मदद भी ले रहे हैं।

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बच्चों और केंद्रों पर मिलने वाली सुविधाओं की रील बना रही हैं। कृषि विभाग गांवों में किसानों को मिलने वाली योजनाओं और सुविधाओं पर वीडियो तैयार करा रहा है। शिक्षा विभाग स्कूलों की व्यवस्थाओं और गतिविधियों को रील के माध्यम से प्रदर्शित कर रहा है। सेवा संकल्प माह के तहत जिले में होने वाले कार्यक्रमों और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी वीडियो के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जा रही है। इस अभियान की शासन स्तर से भी समीक्षा की जा रही है और रील बनाने का सिलसिला 17 अक्टूबर तक जारी रहेगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts