एनसीआर में हथियारों की सप्लाई का बड़ा खेल बेनकाब, चार बदमाश गिरफ्तार
परतापुर पुलिस और स्वाट टीम की मुठभेड़ में दिल्ली का हथियार खरीदार पैर में गोली लगने से घायल; सात 32 बोर पिस्टल और 20 कारतूस बरामद
मेरठ। एनसीआर में ऑन डिमांड हथियारों की सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। परतापुर पुलिस और नगर स्वाट टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरोह के चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान दिल्ली निवासी आमिर पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 बोर की सात पिस्टल, 20 जिंदा कारतूस, चोरी की बाइक और स्कूटी बरामद की है।
हथियारों की डील के लिए आया था दिल्ली का आमिर
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने पुलिस लाइन सभागार में पत्रकार वार्ता में बताया कि रविवार आधी रात के बाद परतापुर थाना प्रभारी अजय शुक्ला को सूचना मिली थी कि दिल्ली से एक हथियार खरीदार मेरठ के तीन सौदागरों से हथियार लेने अच्छरौंडा-बहादुरपुर मार्ग स्थित दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास आने वाला है।
सूचना के आधार पर परतापुर पुलिस और नगर स्वाट टीम प्रभारी मनीष शर्मा की टीम ने अंडरपास के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में आमिर निवासी वेलकम कॉलोनी, नई दिल्ली पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आमिर को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।
खंडहरनुमा मकान में छिपे थे तीनों बदमाश
फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस ने सोमवार तड़के कांशीराम योजना स्थित खंडहरनुमा मकान में दबिश दी। यहां से शोएब निवासी रशीद नगर, ब्रह्मपुरी, शादान उर्फ पकौड़ी निवासी माधवपुरम, ब्रह्मपुरी और साजिद निवासी रांगणों की चौपाल, कोतवाली को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात 32 बोर पिस्टल और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए। बरामद बाइक के चोरी होने का मुकदमा देहली गेट थाने में दर्ज है।
एनसीआर में ऑन डिमांड पहुंचाते थे हथियार
एसएसपी के मुताबिक, गिरोह एनसीआर क्षेत्र के जिलों में मांग के आधार पर हथियारों की सप्लाई कर रहा था। पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों ने गिरोह से जुड़े कई अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं। पुलिस अब उन लोगों की तलाश कर रही है, जिन्हें गिरोह ने हथियार बेचे या सप्लाई किए थे।
गैंगस्टर एक्ट के तहत होगी कार्रवाई
पुलिस गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। एसएसपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी और अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि हथियारों के इस नेटवर्क से जुड़े किसी भी बदमाश को खुला नहीं छोड़ा जाएगा।

No comments:
Post a Comment