दो दिन से लापता युवक की हत्या, खड़ंजे पर मिला शव

शरीर पर चोट के निशान और पैरों पर घिसटने के सबूत; गला घोंटकर हत्या की आशंका, अगवा कर बंधक बनाने का भी आरोप

मेरठ। खरखौदा थाना क्षेत्र में दो दिन से लापता युवक की हत्या कर शव को खड़ंजे पर फेंक दिया गया। युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जबकि नाक और मुंह से खून निकल रहा था। प्रारंभिक जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है।

चंदपुरा गांव निवासी 30 वर्षीय सुमित शनिवार से लापता था। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सोमवार को धनतला गांव के ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोहिउद्दीनपुर नगला पातू बिजलीघर से चंदपुरा जाने वाले रास्ते पर रोहतास जाटव के ट्यूबवेल के सामने खड़ंजे पर युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।

शव की पहचान की जा रही थी, तभी सुमित के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उसके भाई अंकित ने शव की पहचान सुमित के रूप में की। पहचान होते ही पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके से जरूरी नमूने और साक्ष्य जुटाए।

पैरों पर मिले घिसटने के निशान

पुलिस के अनुसार सुमित के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। दोनों पैरों पर घिसटने के निशान भी पाए गए हैं। इससे आशंका है कि हत्या के बाद शव को किसी वाहन, संभवत: बाइक, से यहां लाकर फेंका गया। पुलिस यह भी मान रही है कि हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई हो सकती है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

ग्रामीणों ने की जल्द राजफाश की मांग

घटना की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत सदस्य गोपाल प्रधान समेत सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और जल्द हत्या का राजफाश करने की मांग की। परिजनों की ओर से युवक को अगवा कर बंधक बनाने के बाद हत्या किए जाने की आशंका भी जताई गई है।

सुमित अविवाहित था और खेती करता था। वह किराये पर ट्रैक्टर लेकर खेतों की जुताई का काम भी करता था। पुलिस अब उसके परिचितों और दोस्तों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

मोबाइल कॉल डिटेल और सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

सीओ किठौर विश्वज्योति राय ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। सुमित के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। घटना वाले दिन गांव और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि सुमित आखिरी बार किसके साथ था। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts