सीसीएसयू में बाहरी कार्यक्रम के दौरान मारपीट, वीडियो वायरल
प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान युवकों में हुआ विवाद; छात्रों ने बाहरी आयोजनों पर रोक लगाने की मांग की
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) के सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में सोमवार को बाहरी संस्था के कार्यक्रम के दौरान युवकों के बीच मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में बाहरी आयोजनों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
मेडिकल थाना क्षेत्र स्थित विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में लक्ष्य ट्रस्ट की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर कुछ युवकों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो मोबाइल से बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक युवती उन्हें अलग करती नजर आ रही है।
बाहरी आयोजनों पर उठे सवाल
घटना सामने आने के बाद विश्वविद्यालय के छात्रों ने परिसर में बाहरी संस्थाओं के कार्यक्रम आयोजित कराने पर आपत्ति जताई है। छात्रों का कहना है कि ऐसे आयोजनों के दौरान बाहरी लोगों की मौजूदगी से विश्वविद्यालय का अनुशासन और माहौल प्रभावित हो सकता है। उन्होंने परिसर में बाहरी कार्यक्रमों पर रोक लगाने की मांग की है।
वहीं, कुछ लोगों की ओर से मारपीट में शामिल युवकों के नशे में होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। छात्रों ने सवाल उठाया कि बाहरी कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा और अनुशासन की जिम्मेदारी किसकी होती है और किसी विवाद की स्थिति में विश्वविद्यालय प्रशासन की भूमिका क्या होगी।

No comments:
Post a Comment