गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंजा शास्त्री नगर, भव्य शोभायात्रा के साथ विराजे श्री गणेश

एल-ब्लॉक तिकोना पार्क स्थित श्री गणेश मंदिर में विधि-विधान से हुई गणेश प्रतिमा की स्थापना; 18 सितंबर तक होंगे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम

मेरठ। एल-ब्लॉक तिकोना पार्क, शास्त्री नगर स्थित श्री गणेश मंदिर में सोमवार को गणेश चतुर्थी महोत्सव का शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। महोत्सव के अवसर पर भगवान श्री गणेश की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

शोभायात्रा के मंदिर पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा मंदिर प्रांगण में स्थापित कराई गई। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना और आरती कर भगवान गणेश से सुख, समृद्धि एवं शांति की कामना की।

18 सितंबर तक चलेगा महोत्सव

मंदिर समिति के तत्वावधान में 14 से 18 सितंबर तक गणेश चतुर्थी महोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना, आरती सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

आकर्षक ढंग से सजाया मंदिर परिसर

महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। मंदिर समिति के महामंत्री एससी गोयल, वैभव शर्मा, नवीन चंद्र सहित समिति के पदाधिकारी और सदस्य कार्यक्रम में मौजूद रहे।

समिति पदाधिकारियों ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य भगवान श्री गणेश की आराधना के साथ श्रद्धालुओं को धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ना तथा आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts