मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका का अलर्ट, नागरिकों से यात्रा पर पुनर्विचार की अपील

हूती हमलों के दावे के बाद अमेरिकी विदेश विभाग की चेतावनी; उड़ानें रद्द होने और हवाई क्षेत्र बंद होने की आशंका, दूतावासों को भी खतरा

वाशिंगटन। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए व्यापक सुरक्षा चेतावनी जारी की है। अमेरिकी विदेश विभाग ने क्षेत्र में मौजूद नागरिकों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा है। विभाग के मुताबिक हालात तेजी से बिगड़ सकते हैं, जिससे उड़ानें रद्द होने, हवाई क्षेत्र बंद होने और यात्रा में अन्य व्यवधान की स्थिति बन सकती है।

मिडिल ईस्ट की यात्रा पर गंभीरता से करें विचार

अमेरिकी विदेश विभाग ने क्षेत्र के बाहर मौजूद अपने नागरिकों से मिडिल ईस्ट की यात्रा करने या इस क्षेत्र के रास्ते यात्रा करने के फैसले पर गंभीरता से पुनर्विचार करने की सलाह दी है। यात्रा करने वालों को एयरलाइनों और हवाई अड्डों के संचालन से जुड़ी ताजा जानकारी लगातार देखते रहने को कहा गया है।

अमेरिका ने कहा है कि ईरान समर्थित हूती समूह सऊदी अरब के खिलाफ शत्रुतापूर्ण गतिविधियों में शामिल रहा है। अमेरिकी चेतावनी में नागरिक हवाई अड्डों को निशाना बनाए जाने का भी उल्लेख किया गया है।

रियाद में मिसाइल और ड्रोन हमले का दावा

यह अलर्ट ऐसे समय जारी किया गया है जब यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब की राजधानी रियाद में कथित तौर पर मिसाइल और ड्रोन हमले करने का दावा किया है। रियाद के हवाई अड्डे के आसपास आग की लपटें और धुएं का गुबार दिखाई देने की खबरें सामने आईं।

सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन के मुताबिक उसकी हवाई रक्षा प्रणाली ने रियाद की ओर दागी गई एक मिसाइल को बीच में ही रोककर नष्ट कर दिया। बाद में अधिकारियों ने स्थिति सामान्य होने की जानकारी दी। हालांकि हूती समूह ने दावा किया कि उसके हमलों का निशाना रियाद में स्थित महत्वपूर्ण ठिकाने थे।

अमेरिकी प्रतिष्ठानों पर भी खतरे की चेतावनी

अमेरिकी विदेश विभाग ने विदेशों में स्थित अमेरिकी राजनयिक प्रतिष्ठानों को लेकर भी चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार ईरान और ईरान समर्थित समूह विदेशों में अमेरिकी हितों या अमेरिका और अमेरिकी नागरिकों से जुड़े स्थानों को निशाना बना सकते हैं। इनमें अमेरिकी कंपनियां और अन्य संस्थान भी शामिल हो सकते हैं।

अमेरिका ने क्षेत्र में मौजूद अपने नागरिकों से स्थानीय घटनाक्रम पर नजर रखने और यात्रा में संभावित बदलावों के लिए तैयार रहने की अपील की है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts