काउंसलिंग से सुलझे आठ वैवाहिक विवाद, दंपतियों ने फिर थामा एक-दूसरे का हाथ
परिवार परामर्श केंद्र में 150 मामलों पर हुई सुनवाई, 18 पत्रावलियां बंद और 124 मामलों में अगली तारीख तय
मेरठ। परिवार परामर्श केंद्र में बुधवार को गहन काउंसलिंग के जरिए आठ वैवाहिक विवादों का सफल एवं शांतिपूर्ण निस्तारण कराया गया। दोनों पक्षों के बीच संवाद और आपसी सहमति के बाद दंपतियों ने साथ रहने पर सहमति जताई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश और पुलिस अधीक्षक अपराध के पर्यवेक्षण में परिवार परामर्श केंद्र पर कुल 150 पत्रावलियां काउंसलर्स और प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र के समक्ष प्रस्तुत की गईं। काउंसलर्स ने पति-पत्नी के बीच विवाद के कारणों को समझते हुए दोनों पक्षों की गहन काउंसलिंग की। आपसी संवाद के जरिए मतभेद दूर करने और दांपत्य जीवन को दोबारा व्यवस्थित करने का प्रयास किया गया।
काउंसलिंग के बाद आठ मामलों में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया और उन्होंने साथ-साथ रहने की सहमति दी। वहीं विभिन्न कारणों से 18 पत्रावलियां बंद कर दी गईं। शेष 124 मामलों में अग्रिम तिथि निर्धारित करते हुए संबंधित पक्षों को इसकी जानकारी दी गई।
परिवार परामर्श केंद्र की ओर से बताया गया कि पारिवारिक और वैवाहिक विवादों का शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण समाधान कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य परिवारों में आपसी समन्वय और पारिवारिक सौहार्द बनाए रखने के साथ सामाजिक संतुलन को मजबूत करना है।

No comments:
Post a Comment