जादू-टोने के शक में बहू की कुल्हाड़ी से हत्या, फिर कुएं में कूदा ससुर

बेटे की मौत के बाद बहू पर था काला जादू करने का संदेह, नागपुर में सनसनीखेज वारदात

नागपुर। यशोधरानगर थाना क्षेत्र के पाहुने लेआउट स्थित पिवली नदी परिसर में शनिवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। बेटे की मौत के बाद बहू पर जादू-टोना करने का शक कर रहे 70 वर्षीय ससुर नाथूलाल पाली ने कथित तौर पर अपनी 40 वर्षीय बहू लक्ष्मी रविशंकर पाली की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने पकड़े जाने और सजा के डर से घर के पीछे बने कुएं में छलांग लगा दी।

कपड़े धोते समय किया हमला

पुलिस के अनुसार, घटना के समय घर में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। लक्ष्मी कपड़े धो रही थी, तभी नाथूलाल ने अचानक उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण लक्ष्मी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद नाथूलाल कुएं में कूद गया।

आसपास के लोगों ने उसे कुएं में कूदते देखा तो मौके पर भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से नाथूलाल को कुएं से बाहर निकाला और उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया।

2019 में हुई थी बेटे की मौत

पुलिस के मुताबिक नाथूलाल के बेटे रविशंकर पाली की 2019 में मौत हुई थी। इसके बाद से ही नाथूलाल को शक था कि उसकी बहू लक्ष्मी ने जादू-टोना किया था, जिसके कारण उसके बेटे की मौत हुई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ससुर बहू की हत्या करने की फिराक में था।

घटना की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts