आईआईएमटी विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति डॉ. मयंक अग्रवाल को किया सम्मानित

-‘त्वं हि दुर्गा’ युवती सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा पर रखे विचार

मेरठ। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) मेरठ महानगर द्वारा आयोजित ‘त्वं हि दुर्गा’ युवती सम्मेलन में महत्वपूर्ण योगदान के लिए आईआईएमटी विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति डॉ. मयंक अग्रवाल को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

सीसीएसयू कैंपस स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मेलन के दौरान डॉ. मयंक अग्रवाल ने मुख्य अतिथि बबीता चौहान का स्वागत करते हुए उन्हें महिला सशक्तिकरण एवं नारी शक्ति के समर्थन में आईआईएमटी विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और महिलाओं को शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा तथा समान अवसर उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है।

‘त्वं हि दुर्गा’ युवती सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. मयंक अग्रवाल ने महिला सशक्तिकरण, सम्मान और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास की महत्वपूर्ण शक्ति है। उन्होंने युवतियों को शिक्षा, आत्मविश्वास और जागरूकता के साथ अपने अधिकारों एवं जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित करते हुए युवतियों का आह्वान किया कि वे दुर्गा के रूप में अपनी शक्ति को पहचानें और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए आगे आएं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल कानून और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी भूमिका निभानी होगी। युवाओं में महिला सम्मान और समानता की भावना को मजबूत करके ही सुरक्षित एवं सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और समाज को सशक्त बनाने में उनकी भूमिका सबसे अहम है। युवतियों को शिक्षित, आत्मनिर्भर और सुरक्षित बनाना ही सशक्त समाज की नींव है। डा0 मयंक अग्रवाल ने कहा कि वे हमेशा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के साथ खड़े हैं और आगे भी बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हर संभव सहयोग करते रहेंगे। 

सम्मेलन में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर वक्ताओं ने अपने विचार साझा किए। आयोजन का उद्देश्य युवतियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts